अखिलेश यादव के बयान पर सांसद शशांक मणि का तंज, बोले-खुद नहीं जानते पीडीए की परिभाषा
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान भाजपाइयों को सोते जागते केवल पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक (पीडीए) ही दिखाई देता है पर सिसायत तेज हो गई है। भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा कि अखिलेश यादव को खुद पीडीए के बारे में नहीं पता है, वो दूसरे को क्या बोल रहे हैं।
सांसद शशांक मणि ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अखिलेश यादव पीडीए, जाति और उससे जुड़े मुद्दों की कोई स्पष्ट परिभाषा नहीं दे पा रहे हैं। एक दिन वह पीडीए की एक परिभाषा देते हैं और अगले ही दिन उसकी गणना अलग तरीके से करते हैं।"
शशांक मणि ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार विकास हो रहा है। जनता मुख्यमंत्री के कामों से खुश है। आज हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश नए मुकाम को हासिल कर रहा है। किसी को कोई परेशानी नहीं हो रही है जनता में खुशहाली देखने को मिल रही है। हम लोग विकसित राज्य बना रहे हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनको पता है कि वे अब सत्ता में वापस नहीं आने वाले हैं। इसीलिए इस तरह की बात करने लगे हैं। पहले उनको पीडीए की परिभाषा पता कर लेनी चाहिए, उसके बाद ही कुछ बोलना चाहिए।
केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपए की कटौती किए जाने पर भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, "मैं हरदीप सिंह पुरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्मला सीतारमण को अपनी हार्दिक बधाई देना चाहता हूं। इस समय वैश्विक स्थिति में काफी बदलाव आया है। होर्मुज में एक संघर्ष चल रहा है और इसी वजह से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं, लेकिन आम लोगों के लिए इस सरकार ने अब तक इन कीमतों पर एक सीमा तय की हुई है। मैं इस प्रयास की तहे दिल से सराहना करता हूं।"
अखिलेश यादव ने बीते दिन कहा था कि भाजपा नेताओं को उठते और सोते केवल पीडीए ही दिखाई दे रही है। इन लोगों को पता हो गया है कि अब सत्ता से बाहर जा रहे हैं। आने वाले विधानसभा में सत्ता से बाहर होने के बाद अपने कुकर्मों की सजा भुगतने के डर से ये पीडीए का नाम सुनते ही थर-थर कांपने लगे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 1:44 PM IST












