अखिलेश यादव के 'घुसपैठिए' वाले बयान पर भड़के उत्तराखंड के सीएम, बताया देवभूमि का अपमान

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के घुसपैठिए वाले बयान पर पलटवार करते हुए इसे अपमान बताया है। सीएम धामी ने अखिलेश यादव के 9 सेकंड की एक वीडियो शेयर कर आपत्ति जताई।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तराखंड देवभूमि भी है और वीरभूमि भी। इस पावन धरती ने देश को संत, सैनिक और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित अनेक व्यक्तित्व दिए हैं। अखिलेश यादव का उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे संघर्ष का अपमान है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चली थीं। पिता के शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियाँ चलीं और आज पुत्र उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। उत्तराखंड के लोग अपने संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते। क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को जवाब देना चाहिए।
उत्तराखंड भाजपा की ओर से भी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया गया। एक्स पोस्ट में भाजपा ने लिखा कि मुलायम सिंह यादव के शासन में उत्तराखंड आंदोलनकारियों पर गोलियां चली थीं और बेटा अखिलेश यादव उत्तराखंडियों को घुसपैठिया बता रहा है। देवभूमि के स्वाभिमान पर चोट करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़े घुसपैठिए उत्तराखंड से हैं। अखिलेश के इस बयान के बाद से लगातार भाजपा नेताओं की ओर से आपत्ति जताई जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
