लेबनान-इजरायल संघर्ष में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का बड़ा बयान, दस दिन के युद्धविराम का किया दावा
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान और इजरायल के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति का दावा किया। ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत की। ट्रंप ने कहा, "दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है। यह मेरा 10वां प्रयास है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्षविराम और स्थायी शांति की दिशा में बड़ी पहल का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस दिनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।
ट्रंप ने कहा कि वाशिंगटन में हुई हालिया बैठकों के बाद शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संघर्षविराम स्थायी शांति की दिशा में बड़ा कदम है।
ट्रंप ने कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बताया, ''अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के 'सीजफायर' (युद्धविराम) की शुरुआत करेंगे।
ट्रंप ने पोस्ट में कहा, "34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने यहां वाशिंगटन डीसी में हमारे महान विदेश मंत्री, मार्को रुबियो के साथ मुलाकात की। मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रुबियो को 'जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर, इजरायल और लेबनान के साथ काम करते हुए एक स्थायी शांति स्थापित करने का निर्देश दिया है। दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा। तो चलिए, इसे पूरा करके दिखाते हैं।"
उन्होंने पोस्ट में आगे कहा, ''मैं इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन को व्हाइट हाउस में आमंत्रित करूंगा। यह 1983 के बाद से इजरायल और लेबनान के बीच पहली सार्थक बातचीत होगी। दोनों पक्ष शांति चाहते हैं, और मेरा मानना है कि ऐसा होगा और वह भी बहुत जल्द।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 10:16 PM IST












