अमित शाह के आरोपों पर चिदंबरम का पलटवार, बोले- 'अनुच्छेद 334ए हटाए सरकार, तुरंत लागू किया जा सकता है महिला आरक्षण'

अमित शाह के आरोपों पर चिदंबरम का पलटवार, बोले- अनुच्छेद 334ए हटाए सरकार, तुरंत लागू किया जा सकता है महिला आरक्षण
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सच छिपा रहे हैं। साथ ही, कांग्रेस नेता ने कहा कि अनुच्छेद 334ए हटाए जाने के बाद महिलाओं के आरक्षण को तुरंत लागू किया जा सकता है।

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सच छिपा रहे हैं। साथ ही, कांग्रेस नेता ने कहा कि अनुच्छेद 334ए हटाए जाने के बाद महिलाओं के आरक्षण को तुरंत लागू किया जा सकता है।

पी. चिदंबरम ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "गृह मंत्री अमित शाह या तो भूल गए हैं या फिर सच छिपा रहे हैं। उनका दावा है कि कांग्रेस लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने के वादे को लागू होने से नहीं रोक सकती।"

कांग्रेस नेता ने आगे लिखा, "संविधान (106वां) संशोधन अधिनियम, 2023 पहले ही लागू हो चुका है। यह विधेयक संसद के दोनों सदनों में 20 और 21 सितंबर 2023 को पारित किया गया था। कांग्रेस ने इस विधेयक को पारित कराने में पूरा समर्थन दिया था और वह इस कानून को तुरंत लागू करने की मांग कर रही है।"

इसी बीच, चिदंबरम ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार इस कानून को लागू क्यों नहीं कर रही है और एक नए विधेयक की क्या जरूरत है?

एक अन्य पोस्ट में चिदंबरम ने कहा, "संविधान (106वें) संशोधन अधिनियम में अनुच्छेद 334ए जोड़ा गया, जिसने महिलाओं के आरक्षण को अगली जनगणना के बाद होने वाले परिसीमन से जोड़ दिया। संसद में हुई बहस को पढ़ें। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने अनुच्छेद 334ए को शामिल किए जाने का विरोध किया था, क्योंकि इसने बेवजह दो बाधाएं खड़ी कर दीं, जिनमें जनगणना और जनगणना के बाद परिसीमन शामिल हैं।"

उन्होंने लिखा, "शरारतपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण तरीके से भाजपा अनुच्छेद 334ए को लेकर अड़ी रही। विधेयक पारित हो गया और अनुच्छेद 334ए के साथ कानून बन गया। भाजपा को बस इतना करना है कि वह अनुच्छेद 334ए को हटाने का प्रस्ताव लाए। एक बार अनुच्छेद 334ए हटाए जाने के बाद, महिलाओं के आरक्षण को तुरंत लागू किया जा सकता है।"

इससे पहले, गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने बयान में कहा, "कांग्रेस पार्टी इसे रोककर बैठी है। मैं कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि भाजपा और हमारे नेता प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है कि देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा। आप हमें रोक नहीं सकते हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story