न्याय की देवी हैं मां कोटगाड़ी भगवती, जहां पीढ़ियों पुराने विवादों का हो जाता है फैसला

उत्तराखंड़, 27 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड की वादियों में स्थित 'मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर' आस्था, शक्ति और चमत्कार का प्रतीक माना जाता है। इस मंदिर में देवी भगवती की न्याय की देवी के रूप में पूजा की जाती है।
ऐसी मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से 'मां कोटगाड़ी' के दरबार में माथा टेकने आते हैं, उनकी मनोकामना जरूर पूरी होती है। मंदिर का शांत वातावरण और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता मन को सुकून देती है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मंदिर की विशेषता पर अपने भाव व्यक्त किए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "आदि शक्ति मां भगवती की जय हो! मैं प्रार्थना करता हूं कि मां रानी सभी भक्तों पर अपनी कृपा ऐसे ही बनाए रखें।"
लोक मान्यता है कि जब कहीं से न्याय या रास्ता नहीं मिलता, तो भक्त मां के दरबार में गुहार लगाने आते हैं। कहा जाता है कि मां के दरबार में कई पीढ़ियों तक के विवादों का निर्णय हो जाता है और झूठा आरोप लगाने वालों को दंड मिलता है। पहले लोग प्रत्यक्ष रूप से मां के सामने अपनी पीड़ा रखते थे लेकिन अब श्रद्धालु अपनी समस्या या न्याय की गुहार पत्र या स्टांप पेपर पर लिखकर मंदिर में लगाते या डाक से भेजते हैं।
माना जाता है कि यह मंदिर चंद शासकों के काल से जुड़ा है और स्थानीय ग्रामीणों को सपने में मिले दिव्य आदेश के बाद इसकी स्थापना हुई। मंदिर के मुख्य सेवक भंडारी ग्वल्ल माने जाते हैं और पुजारी परिवार नियमित पूजा-अनुष्ठान संभालता है। यहां देवी की आराधना सात्विक वैष्णवी शक्ति के रूप में की जाती है और प्रसाद में खीर चढ़ाई जाती है। मुख्य मंदिर के पास बागादेव के रूप में पूजे जाने वाले दो भाइयों (सूरजमल और छुरमल) का मंदिर, हवन कुंड, धूनी और साधुओं के ठहरने के कक्ष हैं। चैत्र व शारदीय नवरात्रि की अष्टमी और भादों की ऋषि पंचमी पर यहां विशेष मेले व आयोजन होते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
