गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में 'भारत टैक्सी' की शुरुआत की, बोले- 'सारथियों' को मिलेगा सम्मान और स्वामित्व

गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में भारत टैक्सी की शुरुआत की, बोले- सारथियों को मिलेगा सम्मान और स्वामित्व
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गांधीनगर से गुजरात में 'भारत टैक्सी' सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन को मोबिलिटी सेक्टर में साकार करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल टैक्सी चालकों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि लेकर आएगी।

गांधीनगर, 27 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गांधीनगर से गुजरात में 'भारत टैक्सी' सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि' के विजन को मोबिलिटी सेक्टर में साकार करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल टैक्सी चालकों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि लेकर आएगी।

गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि 'भारत टैक्सी' की सेवाएं गुजरात के सभी प्रमुख शहरों, जिनमें अहमदाबाद, सूरत और राजकोट शामिल हैं, में शुरू हो चुकी हैं। यह सेवा दोपहिया, ऑटो-रिक्शा और चारपहिया वाहनों की तीनों श्रेणियों में उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि 'भारत टैक्सी' से जुड़े सात लाख 'सारथी' इसके मालिक हैं। यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। निजी ऐप आधारित कंपनियां उन्हें केवल ड्राइवर मानती हैं, जबकि 'भारत टैक्सी' उन्हें 'सारथी' के रूप में सम्मान और सहकारी संस्था में हिस्सेदारी प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि यहां सारथी किसी ऐप कंपनी पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि स्वयं सहकारी संस्था के शेयरधारक हैं।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों द्वारा अचानक किराए में की गई कटौती का उद्देश्य केवल 'भारत टैक्सी' की एंट्री को रोकना है, ताकि बाद में वे फिर से मनमाने तरीके से किराया वसूल सकें। हालांकि, उन्होंने कहा कि 'भारत टैक्सी' आम लोगों की सेवा और पारदर्शी व्यवस्था के अपने संकल्प पर कायम रहेगी।

उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में 'भारत टैक्सी' का विस्तार देश के 500 से अधिक शहरों और कस्बों तक किया जाएगा। वहीं, 31 जुलाई से पहले इसकी सेवाएं देश के सात प्रमुख शहरों में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि 'भारत टैक्सी' केवल परिवहन सेवा नहीं, बल्कि सहकारिता आधारित आर्थिक सशक्तिकरण का मॉडल है। इसके माध्यम से सारथियों को ऋण सुविधा, बीमा सुरक्षा और कारोबार के विस्तार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि 'भारत टैक्सी' की सफलता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी इसके सारथियों और ग्राहकों पर है। दोनों को अल्पकालिक लाभ के बजाय दीर्घकालिक सोच के साथ इस पहल को अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर 'भारत टैक्सी' ने गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, गुजरात स्टेट कोऑपरेटिव बैंक, अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और पश्चिम रेलवे के साथ विभिन्न समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 4:49 PM IST

Tags

Next Story