अमित शाह ने नक्सलवाद खत्म किया, अब नशा मुक्त होगा देश भाजपा सांसद नरेश बंसल
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने रेहान वाड्रा की फोटोग्राफी प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने, राहुल गांधी के विदेश दौरे, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नशा मुक्त भारत के संकल्प, उत्तर प्रदेश में चुनावी गड़बड़ी को लेकर अखिलेस यादव के आरोपों और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति नहीं मिलने के मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनियों में संबंधित संस्थानों के नियमों का पालन किया जाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने भाजपा की चुनावी जीत को कार्यकर्ताओं के परिश्रम और नेतृत्व की कुशलता का परिणाम बताया।
रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से तस्वीरें हटाए जाने के मामले पर नरेश बंसल ने कहा कि बीकानेर हाउस की अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और नियम हो सकते हैं। प्रदर्शनी में कितनी तस्वीरें लगाई जा सकती हैं और किस तरह की तस्वीरों की अनुमति होगी, इसके लिए संस्थान के अपने दिशा-निर्देश होंगे। किसी भी प्रदर्शनी का आयोजन करते समय संबंधित संस्थान के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया के राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर दिए गए बयान पर बंसल ने कहा कि राहुल गांधी बिना बताए विदेश चले जाते हैं, जबकि उनकी सुरक्षा पर सरकार करोड़ों रुपए खर्च करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश जाने और वहां किन लोगों से मुलाकात करने को लेकर जानकारी सामने नहीं आने से संदेह पैदा होता है। बंसल ने राहुल गांधी के विदेशों में दिए गए कुछ बयानों की भी आलोचना की और कहा कि देश के खिलाफ दिए जाने वाले ऐसे बयानों पर सवाल उठते हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई देते हुए नरेश बंसल ने कहा कि वे अपने संकल्प के पक्के हैं और लंबे समय तक देश का मार्गदर्शन करें। अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक भारत को नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा था और यह लक्ष्य हासिल किया गया। बंसल ने विश्वास जताया कि वर्ष 2029 तक पंजाब सहित पूरे देश को नशा मुक्त बनाने का अमित शाह का संकल्प भी पूरा होगा। गृह मंत्री के दृढ़ निश्चय को देखते हुए उन्हें भरोसा है कि देश को नशे की समस्या से मुक्त करने की दिशा में सफलता मिलेगी।
उत्तर प्रदेश में चुनावी गड़बड़ी को लेकर अखिलेश यादव के दावों पर भाजपा सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी राजनीतिक शुचिता में विश्वास रखती है। उन्होंने भाजपा की जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं के परिश्रम और नेतृत्व की कुशलता को दिया। बंसल ने पुराने चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पहले बूथों पर कब्जे होते थे और अपराधियों को जेलों से रिहा किया जाता था। लेकिन, अब चुनाव निष्पक्ष और ईमानदारी से होते हैं। लोकतंत्र की मजबूती सबसे महत्वपूर्ण है और जनता का जनादेश ही सर्वोपरि होना चाहिए। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने लोकसभा चुनावों में भाजपा की अलग-अलग सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि चुनाव में गड़बड़ी होती, तो पार्टी को और अधिक सीटें मिल सकती थीं।
30 अक्टूबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के मामले पर बंसल ने कहा कि यह प्रशासन का विषय है। यदि किसी कार्यक्रम से कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या पैदा होने की आशंका हो, तो प्रशासन उसे अनुमति देने से इनकार कर सकता है। इस मामले को कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 Oct 2026 10:41 PM IST












