आनंद दुबे ने सीएम रेवंत रेड्डी को नसीहत दी, बोले- भारत एक खूबसूरत गुलदस्ता, राज्यों के आधार पर बांटने की कोशिश न हो

आनंद दुबे ने सीएम रेवंत रेड्डी को नसीहत दी, बोले- भारत एक खूबसूरत गुलदस्ता, राज्यों के आधार पर बांटने की कोशिश न हो
शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के हालिया बयानों, परिसीमन (डिलिमिटेशन) के मुद्दे और इंडिया अलाइंस की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश को राज्यों के आधार पर बांटने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन में समन्वय बढ़ाने के लिए पहल करने की सलाह दी।

नई दिल्ली, 7 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के हालिया बयानों, परिसीमन (डिलिमिटेशन) के मुद्दे और इंडिया अलाइंस की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश को राज्यों के आधार पर बांटने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस को विपक्षी गठबंधन में समन्वय बढ़ाने के लिए पहल करने की सलाह दी।

रेवंत रेड्डी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आनंद दुबे ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा एक मजबूत और सुंदर देश है। उन्होंने कहा कि देश को राज्यों या क्षेत्रों के आधार पर विभाजित करने की सोच उचित नहीं है। भारत एक खूबसूरत गुलदस्ते की तरह है, जिसमें अलग-अलग रंगों और खुशबुओं वाले फूल शामिल हैं। सभी की अपनी पहचान है, लेकिन वे मिलकर एकता और अखंडता का प्रतीक बनते हैं।

परिसीमन बिल के मुद्दे पर शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि केंद्र सरकार के पास लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में पर्याप्त संख्या बल है, इसलिए वह किसी भी विधेयक को पारित कराने की क्षमता रखती है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा। विपक्ष सरकार से विस्तृत चर्चा और पारदर्शिता की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को परिसीमन का पूरा मसौदा देश के सामने रखना चाहिए ताकि सभी दल उसकी समीक्षा कर सकें। यदि प्रस्ताव देशहित में और सकारात्मक होगा तो विपक्ष भी उसका समर्थन करने पर विचार कर सकता है।

इंडिया अलाइंस की बैठक और उसमें विभिन्न दलों की भूमिका को लेकर आनंद दुबे ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है, इसलिए उसे सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), आम आदमी पार्टी और अन्य दलों की नाराज़गी को दूर करने के लिए कांग्रेस को पहल करनी चाहिए तथा संवाद का रास्ता अपनाना चाहिए।

डीएमके द्वारा इंडिया अलाइंस की बैठक से दूरी बनाए जाने और झारखंड मुक्ति मोर्चा की भागीदारी को लेकर उठ रहे सवालों पर दुबे ने कहा कि किसी भी परिवार में मतभेद होना स्वाभाविक है। उन्होंने गठबंधन को एक परिवार बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विभिन्न विचारों और असहमतियों के लिए स्थान होना चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Jun 2026 11:50 PM IST

Tags

Next Story