मुंबई के दहिसर में 'सुविधा केंद्र' का उद्घाटन, झुग्गी बस्तियों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा नया आधार पीयूष गोयल
मुंबई, 8 जून (आईएएनएस)। मुंबई के दहिसर क्षेत्र में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने एक नए 'सुविधा केंद्र' का उद्घाटन किया। यह केंद्र झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन से जुड़ी है, जिसमें हर नागरिक के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सम्मानजनक और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा चाहते हैं कि देश के हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलें, उनका जीवन आसान बने और समाज में उन्हें सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि शौचालय केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि लोगों की गरिमा और सम्मान से जुड़ा विषय है। इसी सोच के साथ स्वच्छता को देश के विकास की यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
पीयूष गोयल ने कहा कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोग अपनी इच्छा से वहां नहीं रहते, बल्कि परिस्थितियों और मजबूरियों के कारण उन्हें ऐसे हालात में जीवन बिताना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा है कि स्लम पुनर्विकास योजनाओं के माध्यम से हर झुग्गीवासी को पक्का और सम्मानजनक घर मिले। हालांकि जब तक यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं होता, तब तक लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में उत्तर मुंबई में एक बड़ा अभियान शुरू किया गया है। हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचएसबीसी, जेएसडब्ल्यू और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सहयोग से शहर के विभिन्न हिस्सों में ऐसे सुविधा केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। दहिसर में शुरू हुआ यह केंद्र उत्तर मुंबई का पहला और इस पहल के तहत देश का 25वां सुविधा केंद्र है।
पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि अगले तीन वर्षों में ऐसे 100 और सुविधा केंद्र स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों का संचालन स्थानीय महिलाओं की भागीदारी से किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि सुविधा केंद्रों में आधुनिक शौचालयों के साथ लॉन्ड्री सुविधा और मात्र एक रुपये प्रति लीटर की दर से स्वच्छ पेयजल भी उपलब्ध होगा। पानी के पुनर्चक्रण और आधुनिक तकनीक के उपयोग से जल संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि यह पहल झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाखों लोगों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाएगी और मुंबई को स्वच्छ, सुविधाजनक तथा समावेशी शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Jun 2026 12:10 AM IST












