आंदोलित छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय के बजाय उनके भविष्य से खेल रही हेमंत सरकार आदित्य साहू
रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों का समाधान करने के बजाय केवल वार्ता और आश्वासन के जरिए मुद्दे को टालने का आरोप लगाया है।
आदित्य साहू ने शनिवार शाम को रांची सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचकर अनशनकारी छात्र राहुल क्रांति से मुलाकात की और उनका हाल जाना। इसके बाद वह जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे। यहां उन्होंने आंदोलनरत छात्रों और आमरण अनशन पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ है तो उसे परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच की अनुशंसा करने से डरना नहीं चाहिए। छात्रों की मांग केवल आश्वासन की नहीं, बल्कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की है।
भाजपा नेता ने कहा कि सरकार को 2019 से 2026 तक जेपीएससी और जेएसएससी की सभी परीक्षाओं की जांच करानी चाहिए। उन्होंने परीक्षा परिणाम अलग-अलग चरणों में जारी किए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच यह सवाल है कि अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी को नौकरी नहीं मिल रही, जबकि कम अंक वाले अभ्यर्थी को नियुक्ति मिल रही है। सरकार को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रिजल्ट के बाद पैसे के लेन-देन और बिचौलियों की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। ऐसे में पूरे मामले की स्वतंत्र जांच जरूरी है। उन्होंने सीआईडी जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार पर ही आरोप लग रहे हों, तब उसके प्रभाव में काम करने वाली एजेंसी की जांच पर छात्रों का भरोसा कैसे कायम होगा।
आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों की आवाज दबाना चाहते हैं। यदि राहुल गांधी वास्तव में युवाओं के साथ हैं तो उन्हें सीबीआई जांच की छात्रों की मांग का समर्थन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल कुछ छात्रों का नहीं है। युवाओं के रोजगार और भविष्य का सवाल पूरे झारखंड से जुड़ा है। सरकार को आंदोलन दबाने के बजाय छात्रों की मांगों पर फैसला लेना चाहिए। आदित्य साहू ने 10 अगस्त के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को लेकर कहा कि इसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार को अब आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को भी बर्बरतापूर्ण कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के बजाय उन पर लाठियां बरसाई गईं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 Aug 2026 11:27 PM IST












