'मिस्टर इंडिया' अनिल कपूर ने रेड कार्पेट पर दिखाया मजनू भाई का 'आर्ट'

मिस्टर इंडिया अनिल कपूर ने रेड कार्पेट पर दिखाया मजनू भाई का आर्ट
कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'वेलकम' में मजनू भाई (अनिल कपूर) घोड़े की पेंटिंग बनाते हैं। यह पेंटिंग आज भी मीम्स का हिस्सा है और अब न्यूयॉर्क के मेट गाला रेड कार्पेट तक पहुंच गई है।

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'वेलकम' में मजनू भाई (अनिल कपूर) घोड़े की पेंटिंग बनाते हैं। यह पेंटिंग आज भी मीम्स का हिस्सा है और अब न्यूयॉर्क के मेट गाला रेड कार्पेट तक पहुंच गई है।

अभिनेता अनिल कपूर इस साल के मेट गाला रेड कार्पेट का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने एक ऐसी ड्रेस चुनी, जिसमें मजनू भाई की वही मशहूर पेंटिंग प्रमुखता से दिखाई दे रही है। बुधवार को अभिनेता ने चुटकी लेते हुए इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपने इस कार्यक्रम की तस्वीर शेयर की। वीडियो के बैकग्राउंड में उन्होंने 'वेलकम' फिल्म का टाइटल ट्रैक ऐड किया।

वीडियो शेयर कर अनिल कपूर ने लिखा, "जब मेट गाला और मजनू भाई का मिलन हुआ। कला की कोई सीमा नहीं होती।"

बता दें कि इस पेंटिंग में एक घोड़े के ऊपर गधा दिखाई देता है। अभिनेता ने एक शो के दौरान बताया था कि इस पेंटिंग की असली कॉपी अभी भी उनके घर में है। साथ ही, उन्होंने इस पेंटिंग के पीछे का अर्थ समझाते हुए कहा था कि घोड़ा कड़ी मेहनत का प्रतीक है, जबकि गधा उस व्यक्ति का प्रतिनिधित्व करता है, जो ज्यादा मेहनत नहीं करता है।

यह पेंटिंग सोशल मीडिया पर मीम्स के लिए बहुत लोकप्रिय है और ऑनलाइन बिक्री के लिए भी उपलब्ध है। लोग बड़े मजेदार अंदाज में पेंटिंग को अपने घर में सजावट के तौर पर रखते हैं।

साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'वेलकम' का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था। यह फिल्म अपनी शानदार कॉमेडी, नाना पाटेकर (उदय शेट्टी) और अनिल कपूर (मजनू भाई) के अभिनय और मजेदार संवादों के लिए जानी जाती है। फिल्म के कुछ डायलॉग्स, कैरेक्टर्स और गाने आज भी सोशल मीडिया पर वायरल रहते हैं।

फिल्म की कहानी एक सीधा-सादा लड़के राजीव (अक्षय कुमार) के ईर्द-गिर्द घूमती है, जो संजना (कैटरीना कैफ) से प्यार करता है, लेकिन बाद में पता चलता है कि उसके भाई (उदय और मजनू) गैंगस्टर हैं। कहानी तब हास्यास्पद हो जाती है जब गैंगस्टर अपनी बहन की शादी के लिए खुद को 'शरीफ' दिखाने की कोशिश करते हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 May 2026 10:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story