अंजनेरी से अयोध्या तक, हनुमान जन्मोत्सव पर प्राचीन मंदिरों में उमड़े लाखों श्रद्धालु

अंजनेरी से अयोध्या तक, हनुमान जन्मोत्सव पर प्राचीन मंदिरों में उमड़े लाखों श्रद्धालु
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में हनुमान जयंती के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्राचीन हनुमान मंदिरों में श्रद्धालु रामभक्त हनुमान के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।

अयोध्या, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में हनुमान जयंती के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। प्राचीन हनुमान मंदिरों में श्रद्धालु रामभक्त हनुमान के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे हैं।

अयोध्या के राम मंदिर में व्यवस्थाएं काफी अच्छी देखने को मिलीं। यहां पर आए श्रद्धालु प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम काफी खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन ने पूरी तैयारी की है और दर्शन करने में कोई परेशानी नहीं हुई।

असम से आए श्रद्धालु ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "मैं हनुमान जयंती के दिन हनुमान और राम मंदिर के दर्शन के लिए अयोध्या आया हूं। यहां पर काफी भीड़ है क्योंकि हर तरफ से लोग आ रहे हैं, लेकिन अंदर अच्छी व्यवस्था की गई है। लोगों को लाइन में लगाकर ले जाया जा रहा है। मैं ऊपर गया था, तो वहां मुझे अच्छे से दर्शन हो गए। अभी राम मंदिर जाऊंगा और फिर अयोध्या नगरी घूमूंगा। जितना मैंने सुना था, उससे ज्यादा अच्छा लग रहा है। यहां की सड़कें, सुविधाएं और दुकानें सब अच्छी हैं। अयोध्या में काफी विकास हुआ है।"

एक और श्रद्धालु ने अयोध्या में की प्रशासनिक व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा, "अयोध्या नगरी में आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। यहां का प्रशासन बहुत अच्छे तरीके से काम करता है। इतनी भारी भीड़ को संभालना आसान काम नहीं है। मैं प्रशासन को बहुत-बहुत धन्यवाद कहना चाहता हूं। आप देख सकते हैं कि यहां किस कदर भीड़ है, फिर भी सब कुछ सुव्यवस्थित है।"

अमेठी के एक प्राचीन हनुमान मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। वहां के स्थानीय व्यक्ति ने बताया, "मेरी यही इच्छा है कि मेरा पूरा परिवार, गांव और समाज हमेशा खुश रहे। लोग यहां बड़े उत्साह से पहुंच रहे हैं। यह जगह बहुत प्रसिद्ध है। यह हनुमान जी का प्राचीन मंदिर है। हर मंगलवार को यहां कम से कम आठ लाख लोग दर्शन के लिए आते हैं।"

उन्होंने मंदिर के बारे में बताया, "यहां विराजमान हनुमान जी सभी भक्तों का कल्याण करते हैं। इस मंदिर का निर्माण बाबूसाहब ने करवाया था। यहां हनुमान जी की 155 प्रतिमाएं स्थापित हैं। इसके अलावा 45 सुरसा जी, 45 लक्ष्मी और विष्णु जी, 35 शंकर और पार्वती जी और 5 दुर्गा जी की प्रतिमाएं भी हैं। मंदिर में सभी देवी-देवताओं की शक्ति मौजूद है।"

मुंबई के हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। वहां पर एक महिला श्रद्धालु ने मंदिर की पुरानी मान्यता के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "यह मंदिर काफी सालों पुराना है और मैं यहां पर कई सालों से आ रही हूं। मंदिर की मान्यता काफी पुरानी है। लोग सालों से यहां आते रहे हैं। आज हनुमान जन्मोत्सव है, इसलिए भीड़ ज्यादा है, लेकिन आम दिनों में भी यहां काफी भीड़ रहती है। मंदिर में आकर एक अलग ही सुकून मिलता है। पूजा-पाठ करने से मन को गहरी शांति प्राप्त होती है। मैं सभी लोगों से कहना चाहूंगी कि इस मंदिर में जरूर आएं और शांति का अनुभव करें।"

उन्होने कहा कि मंदिर की इतनी मान्यता है कि यहां पर दर्शन के लिए कई बड़े-बड़े लोग आते हैं। मैंने खुद देखा है कि कई प्रसिद्ध व्यक्ति हनुमान जी के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। चाहे कोई बड़ा व्यक्ति हो या आम आदमी, अगर मंदिर की सच्ची मान्यता है तो लोग जरूर आते हैं।

नासिक से एक श्रद्धालु ने आईएएनएस के साथ बातचीत करते हुए कहा, "हनुमान जयंती के अवसर पर यहां धूमधाम से उत्सव मनाया जा रहा है। यह जगह बजरंगबली का जन्मस्थान मानी जाती है। अंजनेरी में आज खास तैयारी की गई है। मैं सभी भक्तों के लिए कामना करता हूं कि सब सुखी रहें और मस्त रहें।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 12:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story