ट्रंप की ईरान संबंधी चेतावनी से कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट, सोना 3.6 प्रतिशत फिसला तो चांदी 7 प्रतिशत से ज्यादा गिरी

ट्रंप की ईरान संबंधी चेतावनी से कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट, सोना 3.6 प्रतिशत फिसला तो चांदी 7 प्रतिशत से ज्यादा गिरी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया को लेकर दिए गए बयान के बाद गुरुवार को कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। दिन के कारोबार में सोने-चांदी की कीमतें 7 प्रतिशत तक गिर गईं, जिससे युद्धविराम की उम्मीद कर रहे बुलियन निवेशकों को बड़ा झटका लगा।

मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया को लेकर दिए गए बयान के बाद गुरुवार को कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। दिन के कारोबार में सोने-चांदी की कीमतें 7 प्रतिशत तक गिर गईं, जिससे युद्धविराम की उम्मीद कर रहे बुलियन निवेशकों को बड़ा झटका लगा।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने के वायदा भाव (5 जून) में 3.60 प्रतिशत से ज्यादा यानी करीब 6,000 रुपए गिरकर 1,47,100 रुपए प्रति 10 ग्राम के इंट्राडे लो तक पहुंच गया। हालांकि खबर लिखे जाने तक (दोपहर करीब 11.52 बजे) सोना 3.68 प्रतिशत यानी 5,659 रुपए गिरकर 1,48,049 रुपए पर ट्रेड करता नजर आया।

वहीं, चांदी का वायदा भाव (5 मई) में और ज्यादा गिरावट देखने को मिली और इसकी कीमत 7 प्रतिशत से ज्यादा यानी 17,200 रुपए से ज्यादा टूटकर 2,24,500 रुपए प्रति किलो के इंट्राडे लो तक पहुंच गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक यह 7.10 प्रतिशत या 17,280 रुपए की गिरावट के साथ 2,26,221 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में कमजोरी रही। स्पॉट गोल्ड 2.26 प्रतिशत गिरकर 4,650.30 डॉलर तक पहुंच गया, जबकि स्पॉट सिल्वर 4.7 प्रतिशत गिरकर 71.50 डॉलर पर आ गया।

वहीं, कॉमेक्स पर गोल्ड 2.73 प्रतिशत गिरकर 4,813 डॉलर पर ट्रेड करता दिखा, जबकि सिल्वर करीब 6 प्रतिशत टूटकर 71 डॉलर तक आ गया।

विश्लेषकों का कहना है कि दोनों कीमती धातुओं की कीमतों का रुझान फिलहाल कमजोर बना हुआ है। पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) के रूप में इनकी मांग को सीमित समर्थन ही मिल रहा है।

विशेषज्ञों के अनुसार, निकट भविष्य में बाजार का रुख सतर्क बना रहेगा, क्योंकि मैक्रोइकॉनॉमिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक घटनाक्रम कीमतों को प्रभावित करते रहेंगे।

बता दें कि हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर अपने एक बयान में कहा कि एक महीने से चल रहा संघर्ष खत्म होने के करीब है, लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि अमेरिका अगले 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर 'अत्यंत कठोर' हमला कर सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य अभियान अपने लक्ष्य के करीब पहुंच रहा है और मध्य पूर्व के तेल पर निर्भर देशों से होर्मुज जलडमरूमध्य में बनी संकट की स्थिति को संभालने में सहयोग करने की अपील की।

इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रही। ब्रेंट क्रूड 5.24 प्रतिशत बढ़कर 106.47 डॉलर प्रति बैरल और यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड 4.5 प्रतिशत चढ़कर 104.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 April 2026 12:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story