अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले प्रयागराज में 'जल योग', यमुना नदी में तैराकों ने किया अनोखा अभ्यास
प्रयागराज, 19 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के तौर पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यमुना नदी के बरगद घाट पर 'जल योग' का आयोजन किया गया। शुक्रवार को तैराक हाथों में योगासन के पोस्टर लिए लोगों को योग के प्रति जागरूक करते नजर आए।
तैराकी सीखने आए बच्चों, महिलाओं से लेकर युवा और बुजुर्ग सभी में योग दिवस को लेकर खासा उत्साह देखा गया। तैराकी प्रशिक्षक ने लोगों से विभिन्न योग मुद्राओं में जलयोग करवाया। इसमें सूर्य नमस्कार, शवासन, वज्रासन, मत्स्यासन और अनुलोम-विलोम के साथ ही 'ओम' का उच्चारण कराया गया।
स्विमिंग कोच त्रिभुवन निषाद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "नवजीवन स्विमिंग एकेडमी में 40 सालों से स्विमिंग सिखाई जा रही है। प्रधानमंत्री के योग दिवस के आह्वान के बाद हमने सोचा कि क्यों न बच्चों को योग भी सिखाया जाए, ताकि उन्हें इसका फायदा हो। तब से हम हर साल 'जल योग' करवा रहे हैं। इससे इम्यूनिटी बढ़ती है, स्टैमिना बेहतर होता है और सर्वाइकल जैसी बीमारियों को कम करने में मदद मिलती है।"
अलग-अलग योगासन के बारे में बात करते हुए कोच त्रिभुवन ने कहा, "जितने भी बच्चे यहां आते हैं, हम लोग उन्हें स्विमिंग के साथ योगा भी सिखाते हैं। छोटे से लेकर बड़े तक, सभी लोग योगा करते हैं। यहां 3 साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक देखने को मिलेंगे।"
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उन्होंने कहा, "150 से अधिक देश योग दिवस मनाते हैं। इसलिए हम भी यमुना नदी में योगा करते हैं, ताकि हम स्वस्थ और मस्त रहें।"
वही प्रशिक्षण लेने पहुंचे तैराकों का कहना है कि जलयोग से दोहरा फायदा होता है। उन्होंने कहा कि इम्युनिटी पावर बढ़ाने के साथ-साथ दिनभर तारो ताजा महसूस होता है।
जल योग में शामिल रही महिला ने कहा, "हमने शुक्रवार को स्विमिंग के साथ जल योग किया है। इसके बहुत सारे फायदे हैं।" एक अन्य महिला ने कहा, "21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। इस अवसर पर हम 'जल योग' करते हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी का भी आह्वान है कि सभी लोग योगा करें।"
एक बुजुर्ग महिला ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा, "यहां महीनों तक बच्चे योगा करते हैं। इससे बहुत फायदे होते हैं। सांस की बीमारी में भी राहत होती है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Jun 2026 11:33 AM IST












