सरकार ने चार राज्यों में दालों और तिलहनों की बड़े पैमाने पर एमएसपी खरीद को दी मंजूरी, उत्तर प्रदेश को सबसे बड़ा लाभ

सरकार ने चार राज्यों में दालों और तिलहनों की बड़े पैमाने पर एमएसपी खरीद को दी मंजूरी, उत्तर प्रदेश को सबसे बड़ा लाभ
किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ सुनिश्चित करने और बाजार में कीमतों के दबाव से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने चार राज्यों में दालों और तिलहनों की बड़े पैमाने पर एमएसपी पर खरीद को मंजूरी दी है।

नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ सुनिश्चित करने और बाजार में कीमतों के दबाव से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने चार राज्यों में दालों और तिलहनों की बड़े पैमाने पर एमएसपी पर खरीद को मंजूरी दी है।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार, यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में की जाएगी। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और उन्हें मजबूरी में कम कीमत पर फसल बेचने से बचाया जा सकेगा।

इस योजना का सबसे बड़ा लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। 'ग्रीष्मकालीन 2026' सीजन के लिए राज्य में 48,298 मीट्रिक टन मूंग, 97,970 मीट्रिक टन उड़द और 41,718 मीट्रिक टन मूंगफली की खरीद को मंजूरी दी गई है।

इन स्वीकृतियों का कुल एमएसपी मूल्य 1,490 करोड़ रुपए से अधिक है। मंत्री के अनुसार, यह फैसला राज्य के दाल और तिलहन उत्पादक किसानों को बड़ा सहारा देगा।

शिवराज सिंह चौहान ने ग्रीष्मकालीन 2026 सीजन के लिए गुजरात में 18,250 मीट्रिक टन मूंग की खरीद को भी मंजूरी दी है।

यह खरीद मूल्य समर्थन योजना के तहत की जाएगी और इसका कुल एमएसपी मूल्य 160 करोड़ रुपए से अधिक होगा। इस निर्णय से राज्य के मूंग किसानों को बाजार में बेहतर कीमत मिलने में मदद मिलेगी।

तमिलनाडु के लिए मंत्री ने रबी विपणन सत्र 2025-26 के तहत मूंग की खरीद सीमा 885 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 990 मीट्रिक टन कर दी है।

इसके तहत अतिरिक्त 105 मीट्रिक टन मूंग की खरीद की जाएगी। स्वीकृत खरीद का कुल एमएसपी मूल्य 8.68 करोड़ रुपए है, जिससे राज्य के किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।

हरियाणा के लिए ग्रीष्मकालीन 2026 सीजन में 2,115 मीट्रिक टन मूंग की खरीद को मंजूरी दी गई है।

कृषि मंत्रालय के अनुसार, इस खरीद का कुल एमएसपी मूल्य 18 करोड़ रुपए से अधिक होगा। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह कदम राज्य के किसानों को मूल्य समर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Jun 2026 11:12 AM IST

Tags

Next Story