अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर एडीजी सख्त, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

आजमगढ़, 2 नवंबर (आईएएनएस)। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने सोमवार को आजमगढ़ पुलिस का वार्षिक निरीक्षण कर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही तथा तत्परता बनी रहे। वार्षिक निरीक्षण के क्रम में पुलिस कार्यालय पहुंचे एडीजी नवीन अरोड़ा को गार्द ने सलामी दी। इसके बाद उन्होंने डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण कार्यालय, आंकिक शाखा और जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) सहित अन्य शाखाओं में अभिलेखों के रखरखाव, कार्यों की प्रगति और विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन कार्यों को व्यवस्थित रखने और लंबित मामलों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने पर जोर दिया। निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा गोष्ठी में एडीजी ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
बैठक में लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, संवेदनशील मामलों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने और आमजन की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। इसके बाद एडीजी ने पुलिस लाइन में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, पीस कमेटी और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने विभिन्न वर्गों से उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। साथ ही जिले में शांति, सामाजिक सौहार्द और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर एडीजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और पुलिस के विभिन्न अभियानों से संबंधित जानकारी साझा की।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
