वन विभाग अलर्ट: मिहान में फिर दिखा बाघ, राहगीरों ने वीडियो बना सोशल मीडिया पर किया वायरल, अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह

मिहान में फिर दिखा बाघ, राहगीरों ने वीडियो बना सोशल मीडिया पर किया वायरल, अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह
  • ग्रामीणों को शाम के बाद अकेले बाहर नहीं निकलने की सलाह, गश्त बढ़ाई
  • शनिवार-रविवार की दरमियानी रात कंपनी परिसर के पास सड़क पर घूमता दिखा बाघ
  • मिहान में फिर दिखा बाघ, रूही-पेठा गांवों में दहशत

डिजिटल डेस्क, नागपुर. मिहान परिसर में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी सामने आने से आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात रूही से पेठा जाने वाले मार्ग पर एक कंपनी के कैंपस के पास बाघ सड़क पर घूमता दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बाघ का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ ही रूही, पेठा और सुमठाना खड़क गांवों के लोगों को अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को शाम के बाद अकेले बाहर नहीं निकलने और खेतों में जाने के दौरान समूह में रहने की सलाह दी गई है।

पहले भी टीसीएस और इंफोसिस परिसर के पास दिखा था बाघ

मिहान में बाघ की मौजूदगी का यह पहला मामला नहीं है। नवंबर 2019 में भी टीसीएस और इंफोसिस के कैंपस के पास लगातार 2 दिनों तक बाघ दिखाई दिया था। उस समय कैमरा ट्रैप में रात करीब 10 बजे बाघ कैद हुआ था। इसके बाद यही बाघ सुमठाना खड़क और गुमगांव-हिंगना के खेतों में घूमता नजर आया था। इस दौरान उसने एक बछड़े का शिकार भी किया था। तब वन विभाग ने इलाके में स्पेशल टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स तैनात की थी।

जंगल से जुड़ा है मिहान का इलाका

मिहान की करीब 5,500 एकड़ जमीन में से लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा आज भी खाली पड़ा है। इस क्षेत्र में घनी झाड़ियां और 2 तालाब हैं। यह इलाका हिंगना के जंगलों से जुड़ा हुआ है, जो आगे बोर टाइगर रिजर्व तक फैले वन क्षेत्र से संपर्क रखता है। इसी वजह से बाघों की आवाजाही इस क्षेत्र में होती रहती है। फिलहाल वन विभाग ने गश्त बढ़ाकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

बाघ दिखाई देने का वीडियो और उससे जुड़ी पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इसके चलते ग्रामीणों के साथ-साथ मिहान मार्ग से आने-जाने वाले लोगों में भी भय का माहौल है। लोग इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरत रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story