निर्देश: जिलाधीश ने कहा - पुराने कुओं की मरम्मत करें, जलापूर्ति व्यवस्था को बनाएं मजबूत, नई पाइपलाइन के कामों को प्राथमिकता

जिलाधीश ने कहा - पुराने कुओं की मरम्मत करें, जलापूर्ति व्यवस्था को बनाएं मजबूत, नई पाइपलाइन के कामों को प्राथमिकता
  • पानी की संभावित कमी को लेकर 13 नगर परिषदों और नगर पंचायतों की समीक्षा
  • हैंडपंप, डबल पंप सिस्टम की मरम्मत और नई पाइपलाइन के कामों को प्राथमिकता
  • जलसंकट से निपटने सभी संबंधित एजेंसियां मिलकर करें काम

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जिले में पानी की संभावित कमी को देखते हुए पुराने कुओं की मरम्मत और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश जिलाधीश कुमार आशीर्वाद ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलसंकट की आशंका को दूर करने के लिए जलापूर्ति से जुड़े सभी उपायों में तेजी लाई जाए। हैंडपंप और डबल पंप सिस्टम की मरम्मत, नई पाइपलाइन बिछाने तथा छोटी जलापूर्ति योजनाओं को लागू करने के काम प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

जिलाधीश कुमार आशीर्वाद जिला नियोजन भवन में आयोजित जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। बैठक में जिले की 13 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में जलापूर्ति की स्थिति का जायजा लिया गया। इनमें उमरेड, बेसा, बहादुरा, बिडगांव, हिंगना, नीलडोह, डिगडोह, कोंढाली, कामठी, वाड़ी, मोवाड़, कांद्री और काटोल शामिल हैं।

इस अवसर पर नगर विकास विभाग के सह आयुक्त विनोद जाधव के साथ नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्ष, सभापति तथा मुख्याधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पानी की संभावित कमी दूर करने के लिए विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। जिलाधीश ने जलापूर्ति व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को तत्काल दूर करने और नागरिकों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अध्यक्षों तथा जलापूर्ति सभापतियों की ओर से बताई गई समस्याओं और सुझाए गए उपायों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जिलाधीश ने स्पष्ट किया कि जलसंकट से निपटने और प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें।

Created On :  

Tags

Next Story