आक्रामक भाषा: लॉरेन्स बिश्नोई के नाम से आई चिट्ठी, सर्राफा व्यापारियों को धमकी में लिखा 10-10 लाख दो - वर्ना...

लॉरेन्स बिश्नोई के नाम से आई चिट्ठी, सर्राफा व्यापारियों को धमकी में लिखा 10-10 लाख दो - वर्ना...
  • आठ सर्राफा व्यापारियों से लाखों रुपए की फिरौती की मांग
  • फिरौती नहीं मिलने पर उन्हें परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित अपराधी लॉरेन्स बिश्नोई के नाम से शहर के आठ सर्राफा व्यापारियों से लाखों रुपए की फिरौती की मांग की गई है। फिरौती नहीं मिलने पर उन्हें परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी है। इस घटना से जहां शहर में सनसनी फैली हुई है, वहीं सर्राफा जगत में हड़कंप मचा हुआ है। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस आयुक्त से इस बारे में बात की है। मामले की जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, और कुछ टीमें शहर के बाहर भी रवाना हुई हैं। तहसील थाना में प्रकरण दर्ज किया गया है।

पत्र में आक्रामक भाषा

स्थानीय सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने बताया कि डाक के जरिये धमकी भरी चिट्ठी शहर के आठ सर्राफा व्यापारियों को मिली है, जिसमें प्रति व्यापारी 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई है। फिरौती की रकम का इंतजाम किसी को 3 दिन, तो किसी 4 दिन और किसी को सात दिन के भीतर करने को कहा गया है। पुलिस के पास जाने या फिरौती देने से मना करने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। पत्रों में आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया हैं।

विशेष पुलिस टीमों का गठन

चिट्ठी मिलने के तत्काल बाद रात में ही व्यापारियों की बैठक हुई और रविवार को भी बैठकों का दौर चला। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील से बात कर उचित कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में विशेष तौर पर पुलिस टीमों का गठन किया गया है। कुछ टीमों को शहर के बाहर रवाना किया गया है। परिसर के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। कुछ फुटेज व्यापारियों ने पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने अपना नाम उजागर करने से मना किया है।

स्थानीय अपराधी की करतूत तो नहीं?

घटना को लेकर पुलिस फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर रही है और मामले की जांच-पड़ताल जारी होने का हवाला दे रही है। वहीं, इस घटना को किसी स्थानीय अपराधी अथवा शरारती तत्वों की हरकत भी माना जा रहा है। यह भी आशंका व्यक्त की जा रही है कि कोई चर्चित अपराधी बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल कर व्यापारियों को डरा-धमका रहा है। एहतियात के तौर पर पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है और बिश्नोई के स्थानीय संपर्क सूत्रों को भी खंगाला जा रहा है।

कारोबारियों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण

राजेश रोकड़े, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जीजेसी के मुताबिक इस तरह की धमकियों से व्यापारियों और उनके परिवारों में डर का माहौल बन सकता है। पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच कर कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। सभी व्यापारियों से अपील है कि किसी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें। कोई भी धमकी मिले तो उसे छिपाने के बजाय तुरंत एसोसिएशन और पुलिस को जानकारी दें। एसोसिएशन कारोबारियों के साथ खड़ा है।

सीएम और पुलिस आयुक्त को दी जानकारी

नागपुर सर्राफा एसोसिएशन ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल को भी इसकी जानकारी दी है। कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के साथ चर्चा की जा रही है।

दुकानों के सामने हॉकर्स नहीं बैठाने की अपील

धमकी के मामले के साथ एसोसिएशन ने इतवारी सराफा बाजार और अन्य सराफा बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी व्यापारियों को निर्देश दिए हैं। दुकानों के सामने हॉकर्स को नहीं बैठने देने की अपील की गई है। व्यापारियों से अपने गार्ड और कर्मचारियों को भी इस संबंध में निर्देश देने को कहा गया है। समझाने के बाद भी कोई व्यक्ति नहीं मानता है तो उसका फोटो लेकर एसोसिएशन को भेजने की सलाह दी गई है।

पहले भी फिरौती की घटना आ चुकी है सामने

अगस्त 2026 में प्रताप नगर थाना क्षेत्र के सुर्वे नगर निवासी एक बुजुर्ग और उनकी कनाडा में रहने वाली बेटी को बिश्नोई गैंग से धमकी मिली थी। उनसे भी 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। वहीं, फरवरी 2026 में शुभम लोणकर ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए अकोला-आकोट में किसी नेता व व्यापारी को फिरौती के लिए धमकाया था।



Created On :  

Tags

Next Story