हिट एंड रन: ट्रक ने मारी मोपेड को टक्कर, पोते की मौत- दादी घायल, दहेगांव रंगारी मार्ग पर सब्बल नाला इलाके में हुआ हादसा

ट्रक ने मारी मोपेड को टक्कर, पोते की मौत- दादी घायल, दहेगांव रंगारी मार्ग पर सब्बल नाला इलाके में हुआ हादसा
  • एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड को पीछे से टक्कर मार दी
  • हादसे में दोपहिया चला रहे 22 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत

डिजिटल डेस्क, खापरखेड़ा. थाना क्षेत्र के दहेगांव रंगारी मार्ग पर सब्बलनाला क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 5.30 बजे के दरम्यान एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया चला रहे 22 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ऋषिकेश कवडू वंजाल (22) वलनी बस्ती निवासी के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल दादी का नाम चिमाबाई वंजाल बताया गया है। जानकारी के अनुसार ऋषिकेश नागपुर स्थित निजी अस्पताल में नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। कुछ दिन पहले ही उसने नई दोपहिया खरीदी थी, जिसका अभी तक पंजीकरण नंबर भी नहीं मिला था।

शनिवार को किसी काम के सिलसिले में ऋषिकेश अपनी दादी चिमाबाई को लेकर वलनी बस्ती से दहेगांव रंगारी मार्ग होते हुए खापरखेड़ा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सब्बलनाला क्षेत्र में ट्रक क्रमांक एमएच-40-सीए-7873 के चालक ने अपना वाहन तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए पीछे से मोपेड को टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने से ऋषिकेश और उसकी दादी सड़क पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दादी चिमाबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही खापरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं गंभीर रूप से घायल चिमाबाई को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऋषिकेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा होने के साथ ही परिवार का एकमात्र सहारा भी था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खापरखेड़ा पुलिस स्टेशन में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फरार ट्रक चालक की तलाश व आगे की जांच पुलिस कर रही है।

Created On :  

Tags

Next Story