नागपुर विद्यापीठ: विद्यार्थियों ने तैयार किए रंगीन रोशनी देने वाले पदार्थ, कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने की सराहना की

विद्यार्थियों ने तैयार किए रंगीन रोशनी देने वाले पदार्थ, कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने की सराहना की
  • कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने विद्यार्थियों के शोध की सराहना की
  • सोरायसिस के उपचार में भी उपयोग की संभावना
  • एलईडी, पौधों की खेती और विकिरण की जांच में हो सकता है उपयोग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अलग-अलग रंगों में चमकने वाले विशेष पदार्थ अब तकनीक और चिकित्सा सहित कई क्षेत्रों में उपयोगी साबित हो सकते हैं। राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ के स्नातकोत्तर भौतिकशास्त्र विभाग के एमएससी विद्यार्थियों ने ऐसे ही पदार्थ तैयार किए हैं। ऊर्जा मिलने पर ये पदार्थ अलग-अलग रंगों में रोशनी उत्सर्जित करते हैं। इनसे निकलने वाली रोशनी का उपयोग एलईडी, बारकोड रीडर और नाइट विजन उपकरणों में किया जा सकता है।

विद्यार्थियों ने पढ़ाई के साथ इस विषय पर शोध करते हुए अलग-अलग प्रक्रियाओं से नए पदार्थ विकसित किए। इन पदार्थों से किस रंग की रोशनी निकलेगी, यह उनमें मिलाए गए विशेष तत्वों पर निर्भर करता है। इनका उपयोग पौधों की वृद्धि के लिए कृत्रिम रोशनी उपलब्ध कराने, विकिरण की मात्रा की जांच करने और सोरायसिस के उपचार में भी किया जा सकता है।

इस शोध में हिमानी लांजेवार, गायत्री बर्डे, कृतिका गवली, चाहूल गायधने और नयन रामगोनवार ने शोधार्थियों प्रफुल्ल खोडे, आदित्य जगदळे और सिद्धेश्वर नागपुरे के साथ काम किया। भौतिकशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. संजय ढोबले ने उनका मार्गदर्शन किया।

विद्यार्थियों ने कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर को अपने शोध की जानकारी दी। कुलगुरु ने उनके प्रयासों और शोधकार्य की सराहना की। प्र-कुलगुरु डॉ. अखिलेश पेशवे और कुलसचिव डॉ. विजय खंडाल ने भी विद्यार्थियों तथा उनके मार्गदर्शक का अभिनंदन किया।

Created On :  

Tags

Next Story