अभियान: महापौर नीता ठाकरे करेंगी स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली अभियान का शुभारंभ, पुराने कपड़ों से खिलौनों तक करेंगे संकलन

महापौर नीता ठाकरे करेंगी स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली अभियान का शुभारंभ, पुराने कपड़ों से खिलौनों तक करेंगे संकलन
  • मनपा के 47 केंद्रों पर होगा सामग्री का संकलन
  • शहर के 10 जोन कार्यालयों सहित 47 विशेष संकलन केंद्र होंगे शुरू
  • पिछले साल 48 टन सामग्री जुटाई गई, 25 टन कपड़े जरूरतमंदों तक पहुंचाए गए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका प्रशासन की ओर से ‘स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली’ अभियान का सोमवार सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय में शुभारंभ किया जाएगा। महापौर नीता ठाकरे अभियान की शुरुआत करेंगी। इसके तहत शहर के 10 जोन कार्यालयों सहित 47 विशेष संकलन केंद्र (दीपावली वेस्ट डोनेशन सेंटर) शुरू किए जाएंगे।

दीपावली पर घरों की सफाई के बाद निकलने वाले पुराने कपड़े, अनुपयोगी और बिना इस्तेमाल की सामग्री के उचित व्यवस्थापन के साथ ही उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इन केंद्रों पर सामग्री संकलित की जाएगी। नागरिकों की सुविधा के लिए शहरभर में ये संकलन केंद्र 6 नवंबर तक शुरू रहेंगे।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवाणी दाणी, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, मुरुंगाथाम एम., मिलिंद मेश्राम, स्वास्थ्य सभापति मनीषा अतकरे, उपायुक्त राजेश भगत, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक सेलोकर और मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

पिछले साल 48 टन सामग्री का संकलन

पिछले वर्ष ‘स्वच्छ दीपावली, शुभ दीपावली’ अभियान के तहत 102 संकलन एवं स्वीकार केंद्र बनाए गए थे। मनपा के आरआरआर केंद्रों की एजेंसी के माध्यम से संचालित दान केंद्रों पर घरों की सफाई से निकलने वाले पुराने कपड़े, अखबार, रद्दी पुस्तकें, प्लास्टिक की वस्तुएं और बच्चों के खिलौने संकलित किए गए थे। चार रंगों की कुंडियों में करीब 48 टन सामग्री जमा हुई थी।

कंप्यूटर, रेडियो सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं के लिए ई-कचरा संकलन की अलग व्यवस्था भी की गई थी। संकलित सामग्री में से करीब 25 टन कपड़ों को साफ कर ‘कबाड़ से जुगाड़’ संस्था के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों को उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया था। वहीं, अनुपयोगी सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया।

पिछले साल शहर के 10 जोन कार्यालयों, आरआरआर केंद्रों, मनपा के हाजिरी स्टैंड, विभिन्न स्कूलों और समाज भवनों में संकलन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। दीपावली से एक सप्ताह पहले 40 चयनित स्थानों पर अनुपयोगी लकड़ी, प्लास्टिक की वस्तुएं, घरेलू बर्तन, कुर्सियां, खिलौने, अलमारी, चप्पल और जूते भी जमा किए गए थे।

Created On :  

Tags

Next Story