अपनी उम्र पूरी कर चुकीं सरकारी ‘धक्कामार’ गाड़ियों की ‘छुट्टी’ करने का झारखंड सरकार ने बनाया प्लान

रांची, 4 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरकारी दफ्तरों और पुलिस थानों में सालों से खड़ी पुरानी और बेकार गाड़ियों की अब छुट्टी होने वाली है। 15 साल की उम्र पूरी कर चुके सरकारी वाहनों को व्यवस्थित तरीके से हटाया जाएगा। इनमें वे गाड़ियां भी शामिल होंगी, जो दुर्घटना के बाद थानों में पड़ी हैं और अब मरम्मत के लायक नहीं रह गई हैं। ऐसे वाहनों को नीलामी के बाद पंजीकृत स्क्रैपिंग केंद्रों में भेजा जाएगा।
परिवहन विभाग ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। विभाग के सचिव राजीव रंजन ने बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पुराने और अनुपयोगी वाहनों की पहचान करने तथा उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह काम केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा।
अक्सर सरकारी कार्यालयों और पुलिस थानों में दुर्घटनाग्रस्त या खराब गाड़ियां लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इनका इस्तेमाल नहीं होता, लेकिन ये जगह घेरती रहती हैं। कई बार इनकी मरम्मत भी संभव नहीं होती। अब ऐसे वाहनों को हटाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। हालांकि, केवल 15 साल पुराना होने के आधार पर हर वाहन को स्क्रैप नहीं किया जाएगा। इसके लिए उसकी स्थिति और निर्धारित नियमों को देखा जाएगा। वाहनों को हटाने की प्रक्रिया में पहले संबंधित विभाग को उनकी जानकारी एमएसटीसी और सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। इसके बाद नीलामी की जाएगी।
नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने पर वाहनों को पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (आरवीएसएफ) केंद्र भेजा जाएगा, जहां उन्हें नियमों के मुताबिक नष्ट किया जाएगा। परिवहन सचिव ने कहा कि पुराने वाहनों को हटाने से सरकारी परिसरों में जगह खाली होगी और अनुपयोगी गाड़ियों के रखरखाव पर होने वाला खर्च भी बचेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। स्क्रैपिंग से मिलने वाली राशि और इससे जुड़े कर सरकारी खजाने में जमा होंगे।
बैठक में एमएसटीसी और आरवीएसएफ के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। सचिव ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को अपने यहां ऐसे वाहनों की पहचान कर जरूरी कार्रवाई करने को कहा। किसी तरह की तकनीकी परेशानी होने पर परिवहन विभाग से मदद लेने का निर्देश भी दिया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
