हम उतनी जल्दी खुद को ढाल नहीं पाए, जितना कर सकते थे सैंटनर

ऑकलैंड, 4 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की टीम बुधवार को भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच में सिर्फ 185 रन पर ऑलआउट हो गई, जिसके बाद टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 5 विकेट से जीत हासिल की। कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि उनकी टीम ईडन पार्क की पिच की गति और उछाल के हिसाब से खुद को जल्दी नहीं ढाल पाई।
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज अतिरिक्त उछाल का सामना करने में संघर्ष करते नजर आए, और भारतीय तेज गेंदबाजों ने लगातार उन्हें परेशान किया। अर्शदीप सिंह ने कीवी पारी के चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बराड़ को तीन विकेट हाथ लगे और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट निकाले।
अपनी बल्लेबाजी पर बात करते हुए, सैंटनर ने कहा कि पिच का बर्ताव और भारत की अनुशासित गेंदबाजी, न्यूजीलैंड की पारी के जल्दी सिमटने के मुख्य कारण रहे।
मैच के बाद सैंटनर ने कहा, "पिच पर उछाल ज्यादा था और ईडन पार्क में यह हमारी उम्मीद से थोड़ी तेज भी थी। हम उतनी जल्दी खुद को नहीं ढाल सके, जितना कर सकते थे। साथ ही, भारत की तरफ से भी काफी अच्छी गेंदबाजी देखने को मिली।"
कीवी कप्तान को लगा कि भारतीय बल्लेबाज उछाल को बेहतर तरीके से संभाल रहे थे, खासकर शॉर्ट गेंदों का सामना करते समय। उन्होंने यह भी बताया कि लक्ष्य का पीछा करते समय बारिश के कारण खेल में रुकावट आई, जिसके बाद परिस्थितियां बदल गईं और गेंद पिच पर और भी आसानी से फिसलने (स्किड) लगी।
उन्होंने कहा, "ईडन पार्क में जब आप उछाल से निपटने की कोशिश करते हैं, तो यह काफी मुश्किल हो सकता है, उन्होंने इसका बेहतर इस्तेमाल किया; श्रेयस शॉर्ट गेंदों को बहुत बारीकी से खेलने की कोशिश कर रहे थे। हां, उछाल काफी ज्यादा था, और बारिश के बाद गेंद पिच पर अच्छे से स्किड होने लगी थी। तो हां, वहां कुछ शॉर्ट गेंदें देखने को मिलीं।"
सैंटनर ने अपने तेज गेंदबाजों की तारीफ में कहा, "जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की थी, उसके बाद हमारे लिए हार मान लेना आसान था। इसलिए, लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तेज गेंदबाजों को श्रेय जाता है। मैच के आखिर में हमें कुछ अच्छी चीजें मिलीं, जिन्हें हम वेलिंगटन ले जा सकते हैं।"
न्यूजीलैंड दूसरे वनडे में सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगा, जबकि भारत अपने जीत के सिलसिले को अगले मैच में भी बरकरार रखने का लक्ष्य रखेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
