अनंतपुर का जनादेश जनता के मूड को दर्शाता है, आने वाले दिनों में पूरे राज्य में दिखेगा असर वाईएसआरसीपी

अनंतपुर का जनादेश जनता के मूड को दर्शाता है, आने वाले दिनों में पूरे राज्य में दिखेगा असर वाईएसआरसीपी
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने कहा है कि अनंतपुर में मेयर पद के चुनाव का नतीजा जनता के मूड को दर्शाता है। आने वाले दिनों में इसका असर पूरे आंध्र प्रदेश में देखने को मिलेगा।

अनंतपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने कहा है कि अनंतपुर में मेयर पद के चुनाव का नतीजा जनता के मूड को दर्शाता है। आने वाले दिनों में इसका असर पूरे आंध्र प्रदेश में देखने को मिलेगा।

पार्टी के जिला अध्यक्ष अनंत वेंकटरामी रेड्डी ने बुधवार को यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन के कथित अत्याचारों का वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं ने डटकर सामना किया। इसके बाद नगर निकाय चुनाव में जनता ने अपना स्पष्ट फैसला सुनाया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 5 नवंबर को होने वाले जिला परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (जेडपीटीसी) और मंडल परिषद प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र (एमपीटीसी) के चुनावों में भी इसी भावना के साथ मतदान करें।

उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा करने और चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ने देने वाले अधिकारियों सहित सभी लोगों का आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को शहर के विकास में सहयोग करना चाहिए।

अनंत वेंकटरामी रेड्डी ने आरोप लगाया कि यदि चंद्रबाबू नायडू सरकार ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को स्वतंत्र रूप से काम करने दिया होता और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किए बिना तथा विपक्षी कार्यकर्ताओं, उम्मीदवारों और समर्थकों को डराए बिना निष्पक्ष चुनाव कराए होते, तो पूरे राज्य में नतीजे ऐसे ही होते। उन्होंने कहा कि जनता का मूड विशेष रूप से ताड़िपत्री में स्पष्ट दिखाई दिया, जहां प्रतिबंधों के बावजूद वाईएसआरसीपी को 16,400 से अधिक वोट मिले। उन्होंने दावा किया कि मतगणना के दौरान पार्टी का कोई भी मतगणना एजेंट मौजूद नहीं था।

पार्टी नेता ने कहा कि नगर निकाय चुनावों का जनादेश आने वाले दिनों में पूरे राज्य में दिखाई देगा। उन्होंने कम मतदान प्रतिशत के लिए टीडीपी के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से बनाए गए डर के माहौल को जिम्मेदार ठहराया।

वाईएसआरसीपी के मेयर पद के उम्मीदवार रमेश गौड़ ने इस जीत का श्रेय अनंत वेंकटरामी रेड्डी, पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि वह शहर के विकास के लिए काम करेंगे। साथ ही नायडू सरकार से शहर में सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा, "हमने गठबंधन सरकार के सभी अत्याचारों का डटकर सामना किया है। हम जनता के जनादेश का सम्मान करेंगे और उनके साथ खड़े रहकर शहर के विकास के लिए काम करेंगे।"

अनंतपुर राज्य का एकमात्र नगर निगम है, जहां वाईएसआरसीपी ने मेयर पद पर जीत दर्ज की है। रमेश गौड़ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के के. आयश बाबू को 5,981 वोटों के अंतर से हराया। रविवार को हुए चुनाव में वाईएसआरसीपी 100 शहरी स्थानीय निकायों में से केवल तीन में जीत दर्ज कर सकी। पार्टी के उम्मीदवार दो नगरपालिकाओं में अध्यक्ष चुने गए।

वहीं, टीडीपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज करते हुए 94 सीटों पर कब्जा जमाया। बुधवार को ओंगोल मेयर पद के लिए मतगणना जारी थी, जहां टीडीपी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story