एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ बिखेरेगा अपनी चमक, 8 से 12 फरवरी येलहंका में होगा आयोजन

एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ बिखेरेगा अपनी चमक, 8 से 12 फरवरी येलहंका में होगा आयोजन
एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ एक बार फिर आसमान में अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। इसके 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के वायुसेना स्टेशन, येलहंका में किया जाएगा।

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। एशिया का सबसे बड़ा हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ एक बार फिर आसमान में अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। इसके 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के वायुसेना स्टेशन, येलहंका में किया जाएगा।

गौरतलब है कि ‘एयरो इंडिया’ दुनिया की प्रमुख विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल है। यह रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय आयोजन में दुनिया भर की प्रमुख विमानन और रक्षा कंपनियां, नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, नवाचारकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि व रक्षा बलों के अधिकारी एक ही मंच पर जुटेंगे। एयरो इंडिया 2027 की सबसे बड़ी खासियतों में से एक शानदार हवाई प्रदर्शन होगा। भारतीय वायुसेना के साथ-साथ विभिन्न देशों की उड़ान टीमें भी इसमें हिस्सा लेंगी।

दर्शकों को आसमान में अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की क्षमता और रोमांचक उड़ान करतब देखने का मौका मिलेगा। यानी येलहंका का आसमान फरवरी में सिर्फ विमानों की गर्जना से नहीं गूंजेगा, बल्कि दुनिया के सामने भारत की बढ़ती विमानन और रक्षा क्षमता की तस्वीर भी पेश करेगा। यहां देश विदेश के लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर व परिवहन विमान मौजूद रहेंगे।

एयरो इंडिया केवल हवाई करतबों का आयोजन नहीं है। यह दुनिया भर के रक्षा और विमानन उद्योग के लिए व्यापार, तकनीक और रणनीतिक सहयोग का बड़ा मंच बन चुका है। पांच दिनों के दौरान इंडस्ट्री टू इंडस्ट्री के बीच बातचीत, सरकार और उद्योग के बीच बैठकें, तकनीकी प्रदर्शन तथा विभिन्न प्रकार के सहयोग और साझेदारी के अवसर उपलब्ध होंगे। इससे कंपनियों को नई तकनीकों, निवेश और कारोबारी साझेदारियों की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलेगा।

एयरो इंडिया के जरिए भारत अपनी बढ़ती विमानन, रक्षा विनिर्माण, उभरती तकनीकों और नवाचार क्षमता को दुनिया के सामने रखेगा। यह आयोजन भारत के तेजी से विकसित हो रहे रक्षा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र और वैश्विक विमानन एवं रक्षा क्षेत्र में उसकी बढ़ती भूमिका को भी प्रदर्शित करेगा।

भारत के लिए यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे वैश्विक रक्षा कंपनियों और भारतीय उद्योग के बीच संपर्क बढ़ाने में मदद मिलती है। एयरो इंडिया 2027 में भारतीय रक्षा उद्योग की भागीदारी को और बढ़ाने पर जोर रहेगा। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों तथा स्टार्टअप के लिए भी अवसर पैदा होंगे।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार आयोजन से भारत में निवेश, साझेदारी, रक्षा उत्पादों के निर्यात और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी गति मिल सकती है। साथ ही भारतीय कंपनियों को वैश्विक रक्षा आपूर्ति श्रृंखला में अपनी जगह मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

एयरो इंडिया 2027 में भाग लेने के इच्छुक प्रदर्शकों और आगंतुकों के लिए विशेष वेब आधारित पोर्टल तैयार किया गया है। इसके जरिए पंजीकरण और प्रदर्शनी स्थल की बुकिंग जैसी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रदर्शकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और प्रदर्शनी स्थल की बुकिंग 3 सितंबर 2026 से शुरू होगी। एयरो इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए यह प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Sept 2026 7:23 PM IST

Tags

Next Story