एशियन रिले चैंपियनशिप भारत की बेटियों ने लहराया तिरंगा, 4x100 मीटर टीम रेस में जीता गोल्ड
शांगयु, 21 जून (आईएएनएस)। एशियन रिले चैंपियनशिप 2026 में भारत का सफर यादगार रहा। चीन के शांगयु में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने महिलाओं की 4x100 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले, भारत ने 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले में सिल्वर और 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।
महिलाओं की 4x100 मीटर रिले में श्राबनी नंदा, स्नेहा एसएस, सुदेशना शिवंकर और तमन्ना की टीम ने 43.85 सेकेंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय (सीजन-बेस्ट टाइम) निकालते हुए गोल्ड मेडल जीता। यह चैंपियनशिप में भारत की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
इससे पहले, भारत ने 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले में सिल्वर मेडल के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। ओलंपियन एमआर पूवम्मा, नीरू पाठक, तीर्थेश पी शेट्टी और भरत श्रीधर की टीम ने 3:17.06 का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान की टीम ने 3:16.75 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। मेजबान चीन ने (3:17.20) ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
एशियन रिले चैंपियनशिप में 4x400 मीटर मिक्स्ड रिले में भारत का यह दूसरा मेडल था। टीम ने इससे पहले साल 2024 में बैंकॉक में हुए पहले एडिशन में गोल्ड मेडल जीता था। इस इवेंट में भारत का नेशनल रिकॉर्ड 3:12.87 है। यह रिकॉर्ड मोहम्मद अनस, ज्योतिका श्री दांडी, मोहम्मद अजमल और किरण पहल ने नेशनल इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2024 में बनाया था।
भारत ने 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस टीम में 200 मीटर के नेशनल रिकॉर्ड होल्डर अनिमेष कुजूर, प्रणव गुरव, तमन्ना और स्नेहा शानुवल्ली शामिल थे। उन्होंने 41.47 सेकेंड का समय लिया, जो इस साल की शुरुआत में वर्ल्ड रिले में राघुल कुमार, नित्या गांधे, अनिमेष कुजूर और स्नेहा शानुवल्ली की तरफ से बनाए गए 41.35 सेकेंड के नेशनल रिकॉर्ड से सिर्फ 0.12 सेकेंड ज्यादा था।
थाईलैंड ने इस इवेंट में 41.14 सेकेंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि चीन ने 41.29 सेकेंड के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स जैसे व्यस्त सीजन से पहले, यह चैंपियनशिप भारतीय रिले टीमों के लिए एक अहम इंटरनेशनल टेस्ट थी। भारत 2027 में चंडीगढ़ में एशियन रिले चैंपियनशिप के तीसरे एडिशन की मेजबानी भी करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Jun 2026 8:05 PM IST












