रणनीति पर फोकस: फडणवीस बोले - बीमारियों से दूर रहने के लिए योग रामबाण उपाय, अब विधायकों की लेंगे क्लास, तो उद्धव देंगे एकजुटता का मंत्र

फडणवीस बोले - बीमारियों से दूर रहने के लिए योग रामबाण उपाय, अब  विधायकों की लेंगे क्लास, तो उद्धव देंगे एकजुटता का मंत्र
  • देवेंद्र फडणवीस ने कहा - बीमारियों से दूर रहने के लिए योग रामबाण उपाय
  • विधायकों की लेंगे क्लास जबकि उद्धव देंगे एकजुटता का मंत्र
  • दोनों नेता विधानमंडल के मानसून सत्र के लिए बनाएंगे रणनीति

Mumbai News. बदलती जीवन शैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि योग बीमारियों से दूर रहने का रामबाण उपाय है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योगाभ्यास अपनाने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से स्वयं को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री फडणवीस जुहू बीच स्थित फूड कोर्ट के समीप आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में खुद भी योग किया। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति राम शिंदे, सांसद रवींद्र वायकर, भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रकाश, विधायक अमित साटम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जो व्यक्ति नियमित रूप से योग करता है, वह किसी भी मानसिक परिस्थिति और जीवन की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि योग विद्या का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसके लाभों से जुड़ सकें। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी प्रसन्न और संतुलित बनाता है।

फडणवीस अपने विधायकों की लेंगे क्लास जबकि उद्धव देंगे एकजुटता का मंत्र

विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार शाम भाजपा के सभी विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में फडणवीस अपने विधायकों के कामकाज की समीक्षा करेंगे और मौजूदा सत्र में पार्टी की रणनीति भी तय की जाएगी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार मुख्यमंत्री पिछले डेढ़ साल के दौरान विधायकों द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों का पूरा लेखा-जोखा लेंगे। बैठक में यह भी देखा जाएगा कि किन विधायकों ने जनता के मुद्दों को कितनी मजबूती से सदन में उठाया और किसका प्रदर्शन कमजोर रहा है। वहीं शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।

विधायकों को मिलेगा सख्त संदेश

पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री फडणवीस इस बैठक के जरिए विधायकों को साफ संदेश देना चाहते हैं कि केवल संगठन या सत्ता के भरोसे चुनाव नहीं जीते जा सकते, बल्कि जनता के बीच सक्रिय रहना भी जरूरी है। यही कारण है कि मानसून सत्र के दौरान पहले पार्टी अपने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने में जुट गई है। भाजपा नेतृत्व चाहता है कि सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाएं।

मानसून सत्र की रणनीति पर होगा फोकस

बैठक में विपक्ष के संभावित हमलों और सरकार की ओर से दिए जाने वाले जवाबों पर भी चर्चा की जाएगी। सरकार चाहती है कि सभी विधायक सदन में एकजुट होकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दें और सरकार की उपलब्धियों को मजबूती से पेश करें। किसानों, बुनियादी सुविधाओं, महंगाई, बेरोजगारी और मराठा आरक्षण जैसे मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में भाजपा नेतृत्व पहले से ही अपने विधायकों को तैयार करने में लगा हुआ है।

उद्धव ठाकरे ने भी बुलाई अपने विधायकों की बैठक

दूसरी ओर शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी अपने सभी विधायकों की सोमवार शाम बैठक बुलाई है। पार्टी के विधायक सुनील शिंदे ने जानकारी देते हुए कहा कि इस बैठक में मानसून सत्र के दौरान जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाने की रणनीति बनाई जाएगी। शिंदे ने कहा कि विपक्ष जनता की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। किसानों की समस्याएं, बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

पार्टी में एकजुटता दिखाने की कोशिश

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उद्धव ठाकरे की यह बैठक केवल सत्र की रणनीति तक सीमित नहीं है। हाल ही में पार्टी के कुछ सांसदों की बगावत और राजनीतिक हलचलों के बाद उद्धव ठाकरे यह संदेश देना चाहते हैं कि पार्टी के विधायक अब भी उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है। उद्धव ठाकरे अपने विधायकों से जनता के बीच ज्यादा सक्रिय रहने और सरकार के खिलाफ आक्रामक भूमिका निभाने को कह सकते हैं।

Created On :   21 Jun 2026 9:10 PM IST

Tags

Next Story