असम में सेना का 'ऑपरेशन जल राहत' शुरू, बाढ़ से 150 लोगों को बचाया
नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच भारतीय सेना ने राज्य प्रशासन के अनुरोध पर ‘ऑपरेशन जल राहत-3’ शुरू किया है। सेना ने शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तीन विशेष बाढ़ राहत दल तैनात किए हैं।
सेना ने अब तक असम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 150 लोगों को बचाया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। सुरक्षित निकले गए इन लोगों में 73 पुरुष, 47 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। सेना की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान के लिए इंजीनियर टास्क फोर्स की सहायता ली जा रही है। विशेष दलों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है। ये दल बचाव, निकासी और मानवीय सहायता कार्यों में जुटे हैं।
शिवसागर जिले में सेना के राहत दल गरगांव कॉलेज से अभियान संचालित कर रहे हैं। यहां नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने और सहायता पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जोरहाट जिले में एक बाढ़ राहत दल मरियानी में तैनात किया गया है। यह दल जिला प्रशासन के साथ समन्वय में जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है। इसके अलावा एक अतिरिक्त रिजर्व दल भी अल्प सूचना पर तैनाती के लिए रखा गया है।
वहीं, चराइदेव जिले में सोनारी से संचालित सेना के राहत दल लगातार बचाव अभियान चला रहे हैं। इंजीनियर टास्क फोर्स और त्वरित प्रतिक्रिया दल की मदद से सेना ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से 150 लोगों को सुरक्षित निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। भारतीय सेना राज्य प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
सेना ने कहा है कि बचाव अभियान जारी है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों को भी तुरंत तैनात किया जाएगा। प्राकृतिक आपदाओं के समय देशवासियों के साथ खड़े रहना उसकी प्रतिबद्धता है और प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता के लिए वह लगातार प्रयास करती रहेगी।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 1:59 PM IST












