गाजियाबाद में 23 जुलाई को 'पासपोर्ट लोक अदालत', लंबित मामलों का होगा त्वरित निस्तारण, 50 आवेदकों को मिलेगा लाभ
गाजियाबाद, 21 जुलाई (आईएएनएस)। पासपोर्ट से जुड़ी लंबित फाइलों और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा 23 जुलाई (गुरुवार) को 'पासपोर्ट लोक अदालत' का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष पहल का मकसद उन आवेदकों को राहत प्रदान करना है, जिनकी पासपोर्ट संबंधी फाइलें विभिन्न कारणों से लंबित हैं या जिन्हें अपने आवेदन के संबंध में किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पासपोर्ट लोक अदालत का आयोजन 23 जुलाई को शाम 3:00 बजे से 5:00 बजे तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, हापुड़ चुंगी, कमला नेहरू नगर, गाजियाबाद स्थित कार्यालय के कक्ष संख्या 320 में किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वयं उपस्थित रहेंगे और आवेदकों से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं को सुनेंगे तथा संबंधित मामलों के त्वरित समाधान का प्रयास करेंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने बताया कि विदेश मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद नागरिकों को सरल, पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कार्यालय में सेवा वितरण की गुणवत्ता को बेहतर बनाने, शिकायतों के प्रभावी एवं शीघ्र निस्तारण तथा नागरिक-केंद्रित व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नियमित समीक्षा की जाती है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि विदेश मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही यह पासपोर्ट लोक अदालत नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा, बल्कि आम नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से भी राहत मिलेगी। यह व्यवस्था पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। हालांकि, समय की सीमित उपलब्धता को देखते हुए इस लोक अदालत में केवल 50 आवेदकों की फाइलों का निस्तारण किया जाएगा। इसलिए पात्र आवेदकों से समय पर पहुंचने की अपील की गई है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने सभी संबंधित आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे लोक अदालत में उपस्थित होते समय अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां एवं छायाप्रतियां साथ लेकर आएं, ताकि उनके मामलों का मौके पर ही प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके। पासपोर्ट सेवाओं को अधिक नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में आयोजित की जा रही यह पहल उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी, जिनकी पासपोर्ट संबंधी फाइलें लंबे समय से लंबित हैं या जिनकी शिकायतों का समाधान अभी तक नहीं हो पाया है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को उम्मीद है कि इस लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र आवेदकों को शीघ्र राहत मिलेगी और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 July 2026 7:24 PM IST











