एटीएम कार्ड फंसाकर पिन देखने के बाद करते थे नकदी पार, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

एटीएम कार्ड फंसाकर पिन देखने के बाद करते थे नकदी पार, पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एटीएम मशीन में लोगों के कार्ड फंसाकर उनके पिन की जानकारी हासिल करने और बाद में उन्हीं कार्डों से नकदी निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नोएडा, 4 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एटीएम मशीन में लोगों के कार्ड फंसाकर उनके पिन की जानकारी हासिल करने और बाद में उन्हीं कार्डों से नकदी निकालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड निकालने में इस्तेमाल होने वाला एक प्लास, दो घरेलू चाकू, एक सफेद थैला, दो मोबाइल फोन और 3,030 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मिलकर एटीएम मशीनों को निशाना बनाते थे और वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम देते थे।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-113 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वेदवन पार्क के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महादेव हल्दर पुत्र बोनों माली हल्दर, साबिर पुत्र मौ. ताहिर और आबिद पुत्र मौ. तैय्यब के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को अपने अपराध करने का तरीका बताया। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मिलकर एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में गोंद लगा देते थे। गोंद के कारण एटीएम कार्ड मशीन के अंदर फंस जाता था। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य एटीएम रूम के अंदर मौजूद रहता था और जब कोई व्यक्ति अपना कार्ड डालकर एटीएम का पिन यानी पासवर्ड दर्ज करता था, तो वह आरोपी चोरी-छिपे उसका पिन देख लेता था। इसके बाद जब संबंधित व्यक्ति अपना कार्ड मशीन में फंसा हुआ देखकर परेशान होकर एटीएम रूम से बाहर चला जाता था, तब आरोपी प्लास और चाकू की मदद से मशीन में फंसे कार्ड को निकाल लेते थे।

कार्ड हासिल करने के बाद आरोपी किसी दूसरे एटीएम पर जाकर चोरी किए गए कार्ड और पहले से देखे गए पिन का इस्तेमाल करते हुए खाते से नकदी निकाल लेते थे। पुलिस के अनुसार नकदी निकालने के बाद आरोपी एटीएम कार्ड को तोड़कर नाले या किसी सुनसान स्थान पर फेंक देते थे, ताकि पुलिस को कार्ड के माध्यम से सुराग न मिल सके। इस तरीके से आरोपी लोगों के बैंक खातों से पैसे निकालकर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाते थे।

पुलिस के मुताबिक, महादेव हल्दर, उम्र करीब 30 वर्ष, मूल रूप से ग्राम एवं थाना गंगा रामपुर, दक्षिण दिनाजपुर, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वर्तमान में वह जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-8, नोएडा में रह रहा था और उसकी शिक्षा आठवीं कक्षा तक है। दूसरा आरोपी साबिर, उम्र करीब 40 वर्ष, ग्राम कुकरण, थाना धमधा, पूर्णिया, बिहार का निवासी है और वर्तमान में सलारपुर, थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। पुलिस के अनुसार वह अशिक्षित है।

तीसरा आरोपी आबिद, उम्र करीब 45 वर्ष, चौधरी मोहल्ला, हरिगंज चौक, थाना कटिहार, बिहार का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आबिद भी अशिक्षित है। पुलिस जांच में आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। महादेव हल्दर के खिलाफ थाना इन्दिरापुरम, गाजियाबाद में वर्ष 2018 में धारा 324, 504 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज रहा है।

साबिर के खिलाफ थाना सेक्टर-39, गौतमबुद्धनगर में वर्ष 2026 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं आबिद के खिलाफ थाना सदर बाजार, सहारनपुर में वर्ष 2025 में धारा 303(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने नोएडा और आसपास के इलाकों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग तो सक्रिय नहीं हैं। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और बरामद नकदी के संबंध में भी जांच की जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/एमएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Sept 2026 7:50 PM IST

Tags

Next Story