सोलापुर और जालना कनेक्शन: साउंड बॉक्स के नीचे बना रखा था गुप्त ठिकाना, ऐसे हुए 80 लाख रुपए नकद जब्त - पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया

साउंड बॉक्स के नीचे बना रखा था गुप्त ठिकाना, ऐसे हुए 80 लाख रुपए नकद जब्त - पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
  • धाराशिव शहर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया
  • कार चालक ने पुलिस को देख भागने की कोशिश की
  • सोलापुर से जालना ले जाई जा रही थी भारी नकदी

Dharashiv News. सोलापुर से जालना की ओर भारी मात्रा में नकदी ले जा रही एक इनोवा कार को धाराशिव शहर पुलिस ने वडगांव सिद्धेश्वर इलाके में घेराबंदी कर पकड़ा। एमएच 21 बीक्यू 8886 नंबर की कार की तलाशी के दौरान करीब 80 लाख रुपए नकद बरामद हुए। नकदी को वाहन के पिछले हिस्से में प्लाईवुड से बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपाया गया था। बॉक्स के ऊपर साउंड बॉक्स जैसी बनावट की गई थी।

पुलिस अधीक्षक रितु खोकर, अपर पुलिस अधीक्षक सचिन पांडकर और उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुरेशकुमार राउत के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक कुमार दराडे की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने जब संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के कारण वह बच नहीं सका और वाहन को पकड़ लिया गया।

साउंड बॉक्स के नीचे छिपाई थी नकदी

वाहन की तलाशी लेने पर पिछले हिस्से में प्लाईवुड से एक गुप्त बॉक्स बनाया गया था। इसे इस तरह तैयार किया गया था कि ऊपर से देखने पर वह साउंड बॉक्स जैसा नजर आए। इसी गुप्त जगह से पुलिस को भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है।

बरामद रकम किसकी है, यह कहां से लाई गई थी और इसे जालना क्यों ले जाया जा रहा था, इन सवालों की जांच पुलिस कर रही है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दे दी गई है। नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Created On :   4 Sept 2026 7:51 PM IST

Tags

Next Story