- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नासिक
- /
- लोहे की कीलें सड़क पर डालकर रोकी थी...
समृद्धि एक्सप्रेसवे लूटकांड का पर्दाफाश: लोहे की कीलें सड़क पर डालकर रोकी थी कार, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी दांव-पेंच से पकड़े गए छह आरोपी, धाराशिव के कलंब से धराए

Nashik/Sinnar News. समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सिन्नर तहसील के मलढोण क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का वावी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने धाराशिव जिले के कलंब तहसील में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो कारें भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन उर्फ सुनील हिरामण शिंदे (34), गोविंद शिवाजी पवार (19), अशोक हिरामण शिंदे (37), अर्जुन व्यंकट पवार (55), धनाजी अर्जुन पवार (22) और लखन भारत काले (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इसके बाद सभी आरोपियों को सिन्नर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 8 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही लूटे गए माल की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
कीलें डालकर रोकी थी कार
पुलिस के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर निवासी श्रीकांत राजेंद्रसिंह मिश्रा (37) अपने परिवार के साथ कार से समृद्धि एक्सप्रेसवे के रास्ते मुंबई की ओर जा रहे थे। 27 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे मलढोण क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार के सामने लोहे की कीलें डाल दीं। इससे वाहन रुक गया। इसके बाद बदमाशों ने परिवार को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने के गहनों समेत कुल 18 लाख 9 हजार 500 रुपये का माल लूट लिया और फरार हो गए।
वारदात की शिकायत के बाद वावी पुलिस ने घटनास्थल और मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और धाराशिव जिले में कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट के माल का पता लगाने में जुटी है।
Created On :   31 Aug 2026 8:51 PM IST













