- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- लासलगांव
- /
- करेंगे रेल रोको आंदोलन, दिल्ली...
किसान संगठनों की चेतावनी: करेंगे रेल रोको आंदोलन, दिल्ली रवाना होने में अटका सरकारी प्याज, लासलगांव में 16 घंटे बाद शुरू हुई लोडिंग

Lasalgaon News. देश में चीनी और चावल के बाद अब प्याज की कीमतें भी 60 से 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। शहरी उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने मूल्य स्थिरीकरण कोष के बफर स्टॉक से 840 टन प्याज दिल्ली भेजने का फैसला किया है। इसके लिए लासलगांव रेलवे स्टेशन से दिल्ली के आजादपुर (आजाद नगर) के लिए 21 बोगियों वाली मालगाड़ी पहुंची, लेकिन प्याज की ग्रेडिंग और 40 किलो की बोरियों में पैकिंग पूरी नहीं होने के कारण करीब 16 घंटे तक लोडिंग शुरू नहीं हो सकी। एनसीसीएफ द्वारा खरीदी गई प्याज सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के गोदामों में रखी गई थी। मालगाड़ी पहुंचने के बाद भी लोडिंग शुरू नहीं होने से ट्रेन के रद्द होने की स्थिति बन गई थी। इससे प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक ट्रक से 40 किलो की 50 बोरियां मालधक्के पर पहुंचाई गईं, जिसके बाद तत्काल लोडिंग शुरू की गई। इससे रेलवे और एनसीसीएफ के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। रेलवे प्रशासन के अनुसार, लोडिंग का काम देर रात तक चलने की संभावना है। मालगाड़ी बुधवार सुबह या दोपहर तक दिल्ली के लिए रवाना हो सकती है।
देश के प्रमुख शहरों तक पहुंचेगी सरकारी प्याज
केंद्र सरकार नाफेड और एनसीसीएफ के माध्यम से खरीदी गई प्याज को केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि कोलकाता, गुवाहाटी, चेन्नई और कोचीन जैसे प्रमुख महानगरों में भी भेजने की तैयारी कर रही है। इसके लिए लासलगांव, निफाड और मनमाड रेलवे स्टेशनों से रैक भेजने की योजना है। हालांकि, निफाड से गुवाहाटी जाने वाली 840 टन प्याज की मालगाड़ी फिलहाल रद्द कर दी गई है। इसी सप्ताह अन्य शहरों के लिए भी सरकारी प्याज की आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।
यह भी पढ़े -प्याज की जमाखोरी पर नजर रखी जाएगी, तय सीमा से ज्यादा चीनी जमा करने पर होगी कार्रवाई सीएम रेखा गुप्ता
किसान संगठन आक्रामक, आंदोलन की चेतावनी
महाराष्ट्र राज्य कांदा उत्पादक शेतकरी संगठन के जिलाध्यक्ष केदार नवले और शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता शिवा सुराशे ने सरकार के इस कदम का विरोध किया है। किसान संगठनों का कहना है कि सरकारी बफर स्टॉक की प्याज घरेलू बाजार में उतारने के बजाय उसका निर्यात किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि घरेलू बाजार में सरकारी प्याज उतारकर मंडी भाव गिराने का प्रयास किया गया, तो किसान सड़क पर उतरेंगे। इसके तहत रास्ता रोको और रेल रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली की कीमत से तय होगी मंडियों की अगली चाल
लासलगांव से दिल्ली तक मालगाड़ी को पहुंचने में करीब 40 से 48 घंटे लग सकते हैं। दिल्ली में सरकार किस कीमत पर प्याज उपलब्ध कराती है, इसका असर अगले तीन से चार दिनों में नाशिक जिले की मंडियों के भाव पर दिखाई देने की संभावना है। ऐसे में किसान और व्यापारी दोनों सरकारी प्याज की इस ‘दिल्ली यात्रा’ के परिणाम पर नजर बनाए हुए हैं।
Created On :   25 Aug 2026 9:21 PM IST









