Dharashiv News: विधायक पाटिल ने कहा - जिले में सड़कों और पुलों के लिए 62 करोड़ का प्रावधान, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क विकास को मिलेगी गति

विधायक पाटिल ने कहा - जिले में सड़कों और पुलों के लिए 62 करोड़ का प्रावधान, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क विकास को मिलेगी  गति
  • महायुति सरकार ने इस वर्ष के बजट में विशेष प्रावधान किया है
  • जिला मार्गों के लिए 34 करोड़ का प्रावधान

Dharashiv News. जिले की परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए महायुति सरकार ने इस वर्ष के बजट में विशेष प्रावधान किया है। जिले के विभिन्न राज्य मार्गों और प्रमुख जिला मार्गों के सुधार के साथ-साथ नए पुलों के निर्माण हेतु कुल 62 करोड़ रुपए के कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क विकास को गति मिलेगी और यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी। परंडा, कलंब, तुलजापुर सहित सभी तहसीलों में आवागमन और तेज होने की उम्मीद है। यह जानकारी विधायक राणाजगजीत सिंह पाटिल ने दी।

जिले से गुजरने वाले राज्य राजमार्गों के सुधार के लिए 28 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से जिले के छह प्रमुख राज्य मार्गों का कायाकल्प किया जाएगा, जिनमें परंडा और कलंब तहसील की सड़कें प्रमुख हैं। परंडा तहसील के महारटाकली-पाटोदा-भूम-वारदवाड़ी राज्य मार्ग क्रमांक 62 पर बड़े पुल के निर्माण और सड़क सुधार के लिए भी विशेष निधि स्वीकृत की गई है।

कलंब तहसील में राज्य मार्ग-52 से कलंब-लातूर राज्य मार्ग क्रमांक 236 तक लगभग 14 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं धाराशिव तहसील में राज्य मार्ग-211 से उपला-तेर-जागजी राज्य मार्ग क्रमांक 239 के सुधार कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

जिला मार्गों के लिए 34 करोड़ का प्रावधान

राज्य मार्गों के साथ-साथ जिला मार्गों के विकास के लिए भी 34 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि से विभिन्न मार्गों पर पुलों का निर्माण और सड़क सुधार कार्य किए जाएंगे। प्रमुख जिला मार्गों के कुल 9 कार्यों को स्वीकृति दी गई है।

तेर-डकवाड़ी-काजला मार्ग पर काजला गांव के पास तथा कोलेवाड़ी के पास नए पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा तुलजापुर-धाराशिव मार्ग सहित तावरजखेड़ा, बेंबली, आरणी और अणदूर क्षेत्र की लगभग 86 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य में तेजी लाई जाएगी।

भूम तहसील के गिरवली-ईट-पाथ्रुड-वालवड मार्ग क्रमांक 9 पर वालवड में एक छोटे पुल का निर्माण भी किया जाएगा। विधायक पाटिल ने कहा कि इन कार्यों से जिले के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

Created On :   17 March 2026 8:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story