पुणे अवैध पिस्टल से दहशत फैलाने वाले दो आरोपी दो घंटे में गिरफ्तार

पुणे  अवैध पिस्टल से दहशत फैलाने वाले दो आरोपी दो घंटे में गिरफ्तार
पुणे जिले स्थित दौंड इलाके की यवत पुलिस ने चौफुला इलाके में अवैध देशी पिस्टल के सहारे एक व्यक्ति को धमकाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को मात्र दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

दौंड, 13 जून (आईएएनएस)। पुणे जिले स्थित दौंड इलाके की यवत पुलिस ने चौफुला इलाके में अवैध देशी पिस्टल के सहारे एक व्यक्ति को धमकाकर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को मात्र दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, 12 जून की शाम करीब 5 बजे दौंड तहसील के बोरीपार्थी स्थित रेणुका कला केंद्र में यह घटना हुई, जब मयूर पाटिल और पवन बर्मी नामक दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर अवैध हथियार का प्रदर्शन करते हुए पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और इलाके में आतंक का माहौल बनाने की कोशिश की।

आरोपियों की ओर से जान से मारने की धमकी के बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस थाने में शिकायत दी। पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए यवत पुलिस थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। लेकिन पुलिस निरीक्षक संतोष तासगांवकर के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक किशोर वागज की टीम ने तकनीकी विश्लेषण का सहारा लेकर दोनों आरोपियों का पता लगा लिया और मात्र दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

दोनों आरोपियों को शनिवार को दौंड न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तेज कार्रवाई की सराहना की है। चौफुला इलाके में अवैध हथियारों के इस्तेमाल की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ी हैं, जिसके चलते पुलिस अलर्ट पर है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है, साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इससे पहले दोनों आरोपियों ने जिले में या जिले से बाहर कितने लोगों को धमकाया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2026 7:12 PM IST

Tags

Next Story