पीएम मोदी की ऐतिहासिक यात्रा से भारत-स्लोवाकिया में सहयोग के नए अवसर खुलेंगे राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी
ब्रातिस्लावा, 13 जून (आईएएनएस)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार से फ्रांस और स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए नए अवसर के रास्ते खोलेगा।
राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं सोमवार को ब्रातिस्लावा में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं। आपकी ऐतिहासिक यात्रा नई दिल्ली से हमारी अच्छी बातचीत को आगे बढ़ाएगी और स्लोवाकिया-भारत सहयोग के लिए नए मौके खोलेगी।"
विदेश यात्रा पर रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने बताया कि वह 13 से 18 जून तक राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर फ्रांस और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बुलावे पर स्लोवाकिया का दौरा करेंगे।
इस साल फरवरी में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों भारत दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने एआई शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। उन्होंने पीएम मोदी से भी मुलाकात की और दोनों देशों में सहयोग को गहरा करने पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने बताया कि भारत के रणनीतिक दृष्टिकोण में फ्रांस की एक खास जगह है। इस साल की शुरुआत में, राष्ट्रपति मैक्रों भारत आए थे और हमने दोनों देशों के संबंधों को एक खास वैश्विक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया। अब मैं नीस में राष्ट्रपति मैक्रों से मिलूंगा।
पीएम मोदी और मैक्रों इस दौरान दोनों देशों के बीच फरवरी से हुए विकास की समीक्षा करेंगे और दोनों देशों के सहयोग में अगले चरण की रूपरेखा तैयार करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ आपसी हितों के जरूरी वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने का इंतजार कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नीस में 14 जून 2026 को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन करेंगे। नीस के बाद वह स्लोवाकिया का दौरा करेंगे। वह 1993 में आजादी के बाद से स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।
इस ऐतिहासिक दौरे पर शीर्ष नेतृत्व दोनों देशों के संबंधों में मजबूती लाने पर जोर देंगे। स्लोवाकिया के दौरे को लेकर पीएम मोदी ने कहा, "मैं ब्रातिस्लावा में राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ बातचीत करने का इंतजार कर रहा हूं। मुझे स्लोवाक बिजनेस लीडर्स से बातचीत करने का भी मौका मिलेगा। भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के रफ्तार को आगे बढ़ाते हुए, यह दौरा यूरोपीय संघ के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा, जिसका स्लोवाकिया एक जरूरी और अहम सदस्य है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 Jun 2026 8:54 PM IST












