राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने माता वैष्णो देवी के किए दर्शन, बोले- धार्मिक कॉरिडोर से जुड़ेगा हिमाचल और जम्मू

राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने माता वैष्णो देवी के किए दर्शन, बोले- धार्मिक कॉरिडोर से जुड़ेगा हिमाचल और जम्मू
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने कहा, "एक आस्था है, एक श्रद्धा है, एक विश्वास है। उसी विश्वास के आधार पर बार-बार मां के दरबार में आना होता है। मुझे लगता है कि आज तक जो मुझे मिला है, यहीं से मिला है।"

कटरा, 13 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कटरा में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने कहा, "एक आस्था है, एक श्रद्धा है, एक विश्वास है। उसी विश्वास के आधार पर बार-बार मां के दरबार में आना होता है। मुझे लगता है कि आज तक जो मुझे मिला है, यहीं से मिला है।"

इस दौरान राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने हिमाचल और जम्मू के पवित्र स्थलों को जोड़ने वाले एक धार्मिक कॉरिडोर विकसित करने की बात कही। उन्होंने कहा, "मैंने प्रधानमंत्री मोदी से भी इस विषय पर बात की है। जैसे हमारा कांगड़ा जिला है, जहां कई देवियों का वास है, वैसे ही वैष्णो देवी का भी अत्यंत महत्व है। इसी तरह पहाड़ भी आपस में जुड़े हुए हैं, चंबा और भद्रवाह का भी आपसी मेल है। इस प्रकार की धार्मिक यात्राओं के लिए एक धार्मिक कॉरिडोर बनाया जाना चाहिए, जिससे लोग आसानी से इन पवित्र स्थलों तक पहुंच सकें। यह मेरा प्रयास है और आने वाले समय में इसे सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री को बधाई देता हूं। पिछले लगभग 12 वर्षों में उन्होंने कई रिकॉर्ड बनाए हैं। चाहे कूटनीति हो, रक्षा नीति हो या आर्थिक नीति, हर क्षेत्र में भारत का नाम रोशन हुआ है। मैं माता रानी से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें लंबी आयु मिले, ताकि वे देश के लिए इसी तरह कार्य करते रहें।"

हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर उन्होंने कहा, "हमने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, जैसे सोलन विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, में 'रोजगार धाम' नाम से एक कार्यक्रम शुरू किया है। इसका उद्देश्य स्किल डेवलपमेंट पर फोकस करना है, ताकि युवा स्वरोजगार की ओर बढ़ें और जॉब सीकर के बजाय जॉब प्रोवाइडर बनें।"

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में कथित हिंसा को लेकर उन्होंने कहा, "पिछले कुछ दिनों में वहां 50 से अधिक लोगों की हत्या की गई है। पाकिस्तान लंबे समय से इस प्रकार का दमन करता आ रहा है, चाहे वह बलूचिस्तान हो, सिंध हो या बांग्लादेश। वहां लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जाता है, जो गलत है। मैं विश्व समुदाय से अपील करता हूं कि पाकिस्तान पर दबाव बनाया जाए, ताकि मानवाधिकारों का उल्लंघन रोका जा सके।"

उन्होंने आगे कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां की स्थिति को लेकर पाकिस्तान सरकार की गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय हैं, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता।

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "विश्व शांति अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार का संघर्ष केवल मुद्दों के आधार पर होना चाहिए। इस तरह की परिस्थितियां पूरे विश्व के लिए उचित नहीं हैं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 Jun 2026 9:35 PM IST

Tags

Next Story