आवास, इलाज, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के मामलों में केशव प्रसाद मौर्य ने तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश

आवास, इलाज, अतिक्रमण और अवैध निर्माण के मामलों में केशव प्रसाद मौर्य ने तत्काल कार्रवाई के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल तथा नियमसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।

लखनऊ, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल तथा नियमसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दर्शन में पानी, सड़क, नाली, चकमार्ग, पुलिस संबंधी विवाद, अतिक्रमण और अवैध निर्माण से जुड़ी बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आईं।

उपमुख्यमंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान मुरादाबाद की लज्जा देवी और सीतापुर के हीरा लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग रखी।इस पर केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को पात्रता की जांच कर नियमानुसार शीघ्र आवास आवंटित करने के निर्देश दिए। वहीं, अंबेडकरनगर की प्रियंका ने अपने पति के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की, जबकि बालामऊ के अवधेश कुमार ने गंभीर बीमारी के उपचार के लिए मदद मांगी।

उन्होंने दोनों मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में मौजूद अधिकारियों को संबोधित करते हुए मौर्य ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं को जनसेवक मानकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार हर नागरिक के सुख-दुख में सहभागी है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Jun 2026 5:32 PM IST

Tags

Next Story