अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, सीएम योगी लेंगे जायजा मेयर

अयोध्या, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। रामनगरी अयोध्या में 10वें भव्य दीपोत्सव की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दीपोत्सव का मुख्य आयोजन 7 नवंबर को दिवाली की पूर्व संध्या पर होगा। यह अयोध्या में आयोजित होने वाला दसवां भव्य दीपोत्सव समारोह होगा। इस बार का दीपोत्सव कई मायनों में खास होने वाला है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहली बार मुख्य अतिथि के रूप में इसमें शामिल होंगे। इससे पहले सीएम योगी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए अयोध्या आएंगे।
अयोध्या के मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने शनिवार को दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 2 नवंबर को अयोध्या का दौरा कर तैयारियों का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव से पहले समीक्षा करने की मुख्यमंत्री की एक व्यवस्था रही है। इसी व्यवस्था के तहत 2 नवंबर को उनका अयोध्या आगमन संभावित है, जब वे दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
मेयर गिरीश पति त्रिपाठी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "गृह मंत्री का आगमन इस बार दीपोत्सव पर हो रहा है। वे ऐसे नेता हैं जिन्होंने देश की बरसों पुरानी समस्याओं को समाप्त किया है, चाहे वह कश्मीर से धारा 370 हटाने का मामला रहा हो या मध्य भारत में बने लाल गलियारे यानी नक्सलवाद की समस्या को जड़ से समाप्त करना रहा हो।"
उन्होंने कहा, "ऐसे नेता जिन्होंने देश को नशा मुक्त करने का अभियान अपने हाथ में ले रखा है, ऐेसे अमित शाह का हम अयोध्या में स्वागत करके गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। हमें प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हम लोगों के बीच आ रहे हैं।"
बता दें कि इस बार का दीपोत्सव योगी सरकार के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। 10वां दीपोत्सव होने के कारण इसे और भी भव्य बनाने की योजना है। सरयू घाट पर लाखों दीयों से राम की पैड़ी को रोशन करने की तैयारी चल रही है। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी कड़े इंतजाम किए हैं।
पिछले नौ वर्षों से अयोध्या का दीपोत्सव हर साल नया रिकॉर्ड बना रहा है। इस बार गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह आयोजन और भी ऐतिहासिक होने की उम्मीद है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
