पीलीभीत में वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ के बाद कार्रवाई, यूपी में सभी ईआरओ कार्यालयों के कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी होगी बंद

पीलीभीत में वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ के बाद कार्रवाई, यूपी में सभी ईआरओ कार्यालयों के कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी होगी बंद
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल पर लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग की शिकायत सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं।

लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। पीलीभीत में ईसीआईनेट पोर्टल पर लॉग-इन आईडी के दुरुपयोग की शिकायत सामने आने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी जिलों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालयों में तैनात कंप्यूटर सहायकों की लॉग-इन आईडी तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय करने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही पीलीभीत के मामले में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की सेवा समाप्त करने का आदेश भी संबंधित फर्म को दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहें।

इसके तहत सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण केंद्रों पर कार्यरत ऑपरेटरों की ईसीआईनेट पोर्टल से जुड़ी लॉग-इन आईडी को निष्क्रिय किया जाएगा, ताकि इन आईडी के माध्यम से पोर्टल पर किसी भी तरह की गतिविधि नहीं की जा सके। नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए हैं कि लॉग-इन आईडी निष्क्रिय किए जाने के बाद संबंधित ईआरओ से इसकी पुष्टि भी प्राप्त की जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं सभी विधानसभा क्षेत्रों में की गई कार्रवाई का सत्यापन करेंगे और इसकी अनुपालन आख्या तत्काल मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 127-पीलीभीत से संबंधित प्रकरण में संलिप्त आउटसोर्स कंप्यूटर सहायक की तत्काल सेवा समाप्त करने के निर्देश संबंधित फर्म को जारी कर दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में शुचिता, सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारी इन निर्देशों का तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करें। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story