अयोध्या में रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, सरयू घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
अयोध्या, 27 मार्च (आईएएनएस)। रामलला की जन्मभूमि अयोध्या में शुक्रवार का माहौल पूरी तरह भक्ति और उत्साह से भरा हुआ नजर आ रहा है। रामनवमी पर देश और दुनिया के कोने-कोने से लोग भगवान राम का जन्मोत्सव को मनाने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। सुबह से ही सरयू नदी के तट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर कोई आस्था के साथ पवित्र नदी में डुबकी लगाकर खुद को धन्य महसूस कर रहा है।
राम पथ पर भी श्रद्धालुओं का तांता देखने को मिला। लोग भजन-कीर्तन करते हुए, जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे शहर में एक अलग ही ऊर्जा और सकारात्मक माहौल था। मंदिर में सुबह-सुबह भगवान राम लला की भव्य आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और लोग धैर्य के साथ अपने दर्शन का इंतजार करते दिखे।
एक श्रद्धालु ने कहा, "आज हम सभी हिंदुओं के लिए बहुत गर्व का दिन है। हमारे प्रभु मर्यादा पुरुषोत्तम रामचंद्र जी का आज जन्मोत्सव है। आज ही के दिन हम नए संवत्सर में प्रवेश कर रहे हैं, इसलिए इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। हम लोग आज पवित्र सरयू में स्नान करके पुण्य के भागीदार बन रहे हैं।"
वहीं, एक अन्य भक्त ने बताया, "सरयू के पानी में स्नान करके मन को बहुत शांति और ठंडक मिली। यहां इतनी बड़ी संख्या में लोगों को देखकर दिल खुश हो गया। ऐसा लगता है जैसे पूरी दुनिया की भक्ति यहां एक जगह इकट्ठा हो गई हो।" उन्होंने यह भी कहा कि मान्यता है कि इस दिन देवी-देवता भी यहां स्नान करने आते हैं, इसलिए इस दिन का महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है।
उधर प्रयागराज में भी रामनवमी पर खास रौनक देखने को मिली। त्रिवेणी संगम पर हजारों श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंचे। लोगों का मानना है कि संगम में डुबकी लगाने से पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति आती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 8:37 AM IST












