निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के इतिहास पर उठाए सवाल, कहा-1962 का युद्ध अमेरिका के पैसे से लड़ा गाया
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के इतिहास को लेकर कई गंभीर दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 27 मार्च 1963 को ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री बीजू पटनायक अमेरिका पहुंचे थे और उस दौर में भारत, अमेरिका और तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बीच अहम कड़ी का काम कर रहे थे।
निशिकांत दुबे ने इस बात की जानकारी 'एक्स' पोस्ट के जरिए दी। भाजपा सांसद ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "1962 में चीन के साथ हुआ युद्ध अमेरिका के कहने और उसकी आर्थिक मदद से लड़ा गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि दलाई लामा के भाई अमेरिका के संपर्क में थे और 1959 में दलाई लामा अमेरिकी सहायता से भारत पहुंचे थे।"
उन्होंने आगे लिखा कि 1963-64 के दौरान भारत ने अमेरिका की सेना को उत्तराखंड के नंदा देवी क्षेत्र में परमाणु परीक्षण से जुड़े उपकरण रखने की अनुमति दी थी। साथ ही, अमेरिकी जासूसी विमान यू-2 के लिए ओडिशा के चरबतिया हवाई अड्डे का इस्तेमाल भी कराया गया था।
सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर चुनावी फंडिंग को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि 1955 से 1962 के बीच हुए सभी चुनावों में अमेरिका और सीआईए (केंद्रीय खुफिया एजेंसी) ने कांग्रेस पार्टी को आर्थिक मदद दी। उस समय के अमेरिकी राजदूत ने अपनी किताब में यह तक लिखा कि केरल के चुनाव में इंदिरा गांधी को सीधे तौर पर पैसे दिए गए थे। इस मुद्दे पर संसद में बहस भी हुई थी और एक समिति का गठन किया गया था। उन्होंने इसे कांग्रेस का काला अध्याय बताया।
इन दावों के सामने आने के बाद एक बार फिर इतिहास और राजनीति को लेकर नई बहस छिड़ गई है। फिलहाल कांग्रेस की ओर से इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बता दें कि निशिकांत दुबे झारखंड के गोड्डा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद हैं। वह अपनी बयानबाजी और संसद में विपक्ष विशेषकर कांग्रेस पर तीखे हमलों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने एमबीए में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 9:11 AM IST












