आईपीएल 2026 ये 5 विदेशी खिलाड़ी इस सीजन मचा सकते हैं धमाल

आईपीएल 2026 ये 5 विदेशी खिलाड़ी इस सीजन मचा सकते हैं धमाल
आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। आइए आपको उन 5 विदेशी खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। आइए आपको उन 5 विदेशी खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

विल जैक्स: इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के लिए हाल ही में खत्म हुआ टी20 विश्व कप 2026 कमाल का गुजरा था। जैक्स ने टूर्नामेंट में खेले 8 मुकाबलों में 176 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 226 रन बनाए थे। इसके साथ ही उनका प्रदर्शन गेंद से भी शानदार रहा था और वह 9 विकेट निकालने में सफल रहे थे। विल जैक्स मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए इस सीजन बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभा सकते हैं। हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई टीम के लिए जैक्स ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं।

कैमरून ग्रीन: ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को टीम में शामिल करने के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। ग्रीन आईपीएल 2026 में बल्ले और गेंद दोनों से दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं। ग्रीन के साथ सबसे अच्छी बात यह है कि वह किसी भी बैटिंग पोजीशन पर खेल सकते हैं, यानी केकेआर उन्हें टॉप और मिडिल ऑर्डर दोनों में इस्तेमाल कर सकती है। वहीं, वह गेंद से भी काफी प्रभावशाली साबित हो सकते हैं।

फिन एलन: टी20 विश्व कप 2026 में फिन एलन ने महज 33 गेंदों में शतक लगाया था। एलन आईपीएल 2026 में केकेआर की तरफ से पारी का आगाज करते हुए नजर आ सकते हैं। एलन की हालिया फॉर्म काफी शानदार है और इसी कारण उनके प्रदर्शन पर हर किसी की निगाहें रहने वाली हैं। न्यूजीलैंड का सलामी बल्लेबाज अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलटने का दमखम रखता है।

डेवाल्ड ब्रेविस: आईपीएल 2025 में डेवाल्ड ब्रेविस ने 6 मुकाबलों में 225 रन बनाए थे। ब्रेविस अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, जिसकी झलक उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी दिखाई थी। ब्रेविस का प्रदर्शन एसए20 लीग में भी काफी शानदार रहा और उन्होंने 676 रन बनाए। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए ब्रेविस इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं।

पाथुम निसांका: दिल्ली कैपिटल्स ने पाथुम निसांका को 4 करोड़ में खरीदा है। निसांका का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार रहा था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 गेंदों में शतकीय पारी खेली थी। निसांका को अगर दिल्ली प्लेइंग इलेवन में शामिल करती है, तो वह इस सीजन छाप छोड़ने में सफल रह सकते हैं। निसांका ने टी20 विश्व कप में खेले 7 मुकाबलों में 147 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 211 रन बनाए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 March 2026 9:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story