अयोध्या रामलला के दरबार में पहुंचे थल सेना प्रमुख, हनुमानगढ़ी में भी किया दर्शन
अयोध्या, 5 जून (आईएएनएस)। भारतीय सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को अपने निजी दौरे पर अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन कर देश की सुरक्षा, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
सेना प्रमुख बनने के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा रहा, जिसे लेकर धार्मिक स्थलों और सैन्य प्रतिष्ठानों में विशेष तैयारियां की गई थीं। पहुंचने पर प्रशासनिक और सैन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वहां से वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
इसके बाद जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र पहुंचे और रामलला के दिव्य दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में उनके आगमन पर मंदिर प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंदिर व्यवस्था से जुड़े विहिप के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल नागरकट्टे ने भी उनका अभिनंदन किया। दर्शन के दौरान सेना प्रमुख ने मंदिर निर्माण की प्रगति, स्थापत्य कला और परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परकोटा क्षेत्र में स्थित अन्य मंदिरों का भी अवलोकन किया।
उन्होंने मंदिर परिसर में कुछ समय बिताकर वहां की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को करीब से महसूस किया। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी साथ मौजूद रहे। सेना प्रमुख के दौरे को देखते हुए हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी पूरे समय सतर्क रहे और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा।
इससे पहले जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने अयोध्या स्थित डोगरा रेजीमेंटल सेंटर का भी दौरा किया। वहां सैन्य अधिकारियों ने उनका औपचारिक स्वागत करते हुए गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। सेना प्रमुख ने रेजीमेंटल सेंटर की गतिविधियों और प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
सेना प्रमुख के आगमन ने रामनगरी की आध्यात्मिक गरिमा और सैन्य परंपराओं के बीच एक विशेष जुड़ाव का संदेश भी दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 3:05 PM IST












