अंडर-18 हॉकी एशिया कप भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में मिली हार, चीन ने कटाया फाइनल का टिकट

अंडर-18 हॉकी एशिया कप भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में मिली हार, चीन ने कटाया फाइनल का टिकट
भारतीय महिला टीम का अंडर-18 हॉकी एशिया कप का फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल मुकाबले में 2-2 से स्कोर बराबर रहने के बाद भारतीय टीम को चीन के खिलाफ शूटआउट में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

काकामिगाहारा, 5 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला टीम का अंडर-18 हॉकी एशिया कप का फाइनल खेलने का सपना टूट गया है। रोमांच से भरपूर सेमीफाइनल मुकाबले में 2-2 से स्कोर बराबर रहने के बाद भारतीय टीम को चीन के खिलाफ शूटआउट में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत के लिए नौशीन नाज (3वें मिनट) और किरण एक्का (54वें मिनट) ने गोल किए, जबकि चीन के लिए ली जेयान (24वें मिनट) और झांग युझेंग (48वें मिनट) ने गोल किए। भारत ने पहले क्वार्टर में शानदार शुरुआत की और तीसरे मिनट में ही पहला गोल कर दिया।

कप्तान स्वीटी कुजूर ने मिडफील्ड से सर्कल के अंदर नौशीन को एक शानदार पास दिया, जिन्होंने शानदार शॉट खेलकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। दोनों टीमों ने मिडफील्ड में अच्छा प्रदर्शन किया और सर्कल के अंदर अच्छे मौके बनाए, लेकिन शुरुआती क्वार्टर में कोई और गोल नहीं कर पाईं।

चीन को 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन फेंग जियाक्सिन के ड्रैगफ्लिक को भारतीय गोलकीपर महाक परिहार ने गोल पोस्ट में जाने से रोक दिया। हालांकि, तीन मिनट बाद ही 24वें मिनट में भारत की डिफेंस में की गई गलती की वजह से चीन को बराबरी करने का मौका मिल गया, जिसका फायदा उठाकर चीन के ली जेयान ने फील्ड गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में चीन को 34वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय बैकलाइन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल होने से बचा लिया। अगले कुछ मिनटों में चीन ने ज्यादा समय तक बॉल पर कब्जा बनाए रखा, लेकिन बराबरी नहीं कर सका। 43वें मिनट में भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वह चीन के डिफेंस को भेदने में सफल नहीं हो सका। दोनों तरफ से कई मौके मिलने के बावजूद, चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें 1-1 से बराबर रहीं।

आखिरी क्वार्टर के तीसरे मिनट में चीन ने पेनल्टी कॉर्नर से बढ़त बना ली। हालांकि शुरुआती शॉट को भारत के पहले रशर ने रोक दिया, लेकिन रिबाउंड पर बॉल चीन की झांग युझेंग (48वें मिनट) के पास गई, और उन्होंने गोल करते हुए चीन को बढ़त दिला दी। हालांकि, चीन की बढ़त कुछ ही मिनटों तक रही, क्योंकि भारत की किरण (54वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बराबरी कर ली और फुल-टाइम तक स्कोर 2-2 रहा।

चीन ने शूटआउट में भारत को 3-1 से हराया, जिसकी वजह उनके गोलकीपर लियू जू के कुछ शानदार बचाव रहे। चीन के लिए लू टोंग टोंग, गे चेन और गुओ जियाक्सिन ने शूटआउट में अपने मौके बनाए, जबकि संदीपा कुमारी शूटआउट में भारत की ओर से गोल करने वाली एकमात्र खिलाड़ी रहीं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 Jun 2026 3:05 PM IST

Tags

Next Story