आयुध निर्माण दिवस भारतीय रक्षा निर्माण की उपलब्धियों का जश्न
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। 18 मार्च... यह सिर्फ एक तारीख नहीं, बल्कि उन लोगों के मेहनत, समर्पण और तकनीकी कौशल का सम्मान है, जो देश की सुरक्षा के लिए जरूरी हथियार और उपकरण तैयार करते हैं। हर साल इस दिन को आयुध निर्माण दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भारत की रक्षा निर्माण क्षमता और उसके गौरवशाली इतिहास को याद किया जाता है।
आयुध निर्माण का इतिहास भी काफी पुराना है। कोलकाता के कोसीपुर में भारत की पहली आयुध निर्माणी ने 18 मार्च 1802 को उत्पादन शुरू किया था। हालांकि, इससे पहले भी 18वीं सदी में ईशापुर में बारूद का कारखाना स्थापित किया जा चुका था, लेकिन कोसीपुर की फैक्ट्री को भारत के संगठित रक्षा उत्पादन की शुरुआत माना जाता है। धीरे-धीरे देशभर में कई आयुध कारखाने स्थापित किए गए, जिन्होंने समय के साथ भारत की रक्षा ताकत को मजबूत किया।
आज के समय में ये आयुध निर्माणियां सिर्फ बंदूक या गोला-बारूद ही नहीं बनातीं, बल्कि टैंक, तोप, मिसाइल सिस्टम और अन्य आधुनिक सैन्य उपकरण भी तैयार करती हैं। इनका योगदान भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना को मजबूत बनाने में बहुत अहम है। यही वजह है कि आयुध निर्माण दिवस को देश की सुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ माना जाता है।
इस दिन को पूरे देश में बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। अलग-अलग आयुध कारखानों में प्रदर्शनियां लगाई जाती हैं, जहां नए हथियार, तकनीक और इनोवेशन को दिखाया जाता है। लोग यहां जाकर देख सकते हैं कि देश की सुरक्षा के लिए किस तरह के उपकरण बनाए जाते हैं।
इसके अलावा सेमिनार, वर्कशॉप और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करते हैं और कर्मचारी अपनी प्रतिभा दिखाते हैं।
आयुध निर्माण दिवस का एक और खास पहलू यह है कि जिन हथियारों और उपकरणों का इस्तेमाल सेना करती है, वे इन्हीं कारखानों में बनते हैं। बिना आधुनिक हथियारों और तकनीक के, देश की सुरक्षा मजबूत नहीं हो सकती। इसलिए यह दिन उन अनदेखे नायकों को भी सम्मान देने का अवसर है, जो फैक्ट्रियों में काम करके देश की सुरक्षा में योगदान देते हैं।
आज भारत का रक्षा निर्माण क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। यह न सिर्फ देश की सुरक्षा को मजबूत करता है, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी देता है और अर्थव्यवस्था में भी योगदान देता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 2:48 PM IST












