ड्रग्स तस्करी में नाबालिगों के इस्तेमाल पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, कानून में बदलाव की तैयारी

ड्रग्स तस्करी में नाबालिगों के इस्तेमाल पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, कानून में बदलाव की तैयारी
महाराष्ट्र में मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में जानकारी देते हुए कहा कि राज्यभर में ड्रग्स के खिलाफ विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में जानकारी देते हुए कहा कि राज्यभर में ड्रग्स के खिलाफ विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

उन्होंने बताया कि ड्रग्स की तस्करी और बिक्री के मामलों में कई बार नाबालिगों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से अपराध की उम्र सीमा 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष करने का प्रस्ताव भेजा है, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई संभव हो सके।

यह मुद्दा विधानसभा में विधायक प्रवीण दटके ने उठाया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने विस्तृत जवाब दिया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मादक पदार्थों के इस नेटवर्क के तार सिर्फ महाराष्ट्र तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अन्य राज्यों और विदेशों तक जुड़े हुए पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में पुलिस और जांच एजेंसियां अपराध की जड़ तक पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई कर रही हैं, चाहे वे कहीं भी हों।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में इस तरह के अपराधों से निपटने के लिए मजबूत तंत्र तैयार किया है। इसका उद्देश्य ड्रग्स के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही, अनदेखी या इस तरह के अपराधों में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर सीधे बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जा रही है।

सरकार के इस कदम को राज्य में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है, जिसे युवाओं को इस खतरे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में मजबूत पहल मानी जा रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 March 2026 4:01 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story