बाबिल खान ने बताया मेडिटेशन का सही मतलब, बोले- 'इसे आदत नहीं, जीने का तरीका बनाएं'

बाबिल खान ने बताया मेडिटेशन का सही मतलब, बोले- इसे आदत नहीं, जीने का तरीका बनाएं
आज के दौर में जहां भागदौड़ भरी जिंदगी और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है, वहां मेडिटेशन को लोग एक जरूरी आदत के रूप में अपनाने लगे हैं। इस कड़ी में अभिनेता बाबिल खान ने मेडिटेशन को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक क्रिया नहीं, बल्कि एक 'जीने का तरीका' होना चाहिए।

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। आज के दौर में जहां भागदौड़ भरी जिंदगी और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है, वहां मेडिटेशन को लोग एक जरूरी आदत के रूप में अपनाने लगे हैं। इस कड़ी में अभिनेता बाबिल खान ने मेडिटेशन को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक क्रिया नहीं, बल्कि एक 'जीने का तरीका' होना चाहिए।

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान ने कहा, ''मेडिटेशन को किसी काम की तरह नहीं करना चाहिए। हमें अपने दिमाग और शरीर को इस तरह तैयार करना चाहिए कि ध्यान अपने आप दिनभर चलता रहे। अगर हम मेडिटेशन को सिर्फ एक टाइम-बाउंड एक्टिविटी मानते हैं, तो उसका असली फायदा नहीं मिल पाता। असल में, यह एक ऐसा माइंडसेट है जिसे हमें हर पल अपने साथ रखना चाहिए।''

उन्होंने आगे कहा, ''मेडिटेशन का सबसे अहम हिस्सा है खुद को स्वीकार करना। हमें खुद से लड़ने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद को वैसे ही अपनाना चाहिए जैसे हम हैं। जब इंसान खुद को स्वीकार करता है, तभी वह अपने अंदर आत्मविश्वास महसूस करता है और दिनभर सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ पाता है। खुद से प्यार करना और अपनी कमियों को समझना, मानसिक शांति पाने का पहला कदम है।''

बाबिल खान इन दिनों अपने काम को लेकर भी चर्चा में हैं। वह हाल ही में अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए वापस सेट पर लौटे हैं, जिसकी शूटिंग भोपाल में चल रही है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह वैनिटी वैन में नजर आए। इसके साथ उन्होंने लिखा कि वह फिर से काम पर लौट आए हैं और अपने दर्शकों को गर्व महसूस कराना चाहते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

अगर उनके करियर की बात करें तो बाबिल खान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत एक कैमरा असिस्टेंट के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और 2022 में फिल्म 'कला' से डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी नजर आई थीं। इसके बाद बाबिल 'फ्राइडे नाइट प्लान' में नजर आए, जहां उन्होंने जूही चावला के बेटे का किरदार निभाया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान वेब सीरीज 'द रेलवे मैन' से मिली, जो भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित थी।

हालांकि, करियर के बीच बाबिल ने एक मुश्किल दौर भी देखा। कुछ समय पहले उन्होंने 6 महीने का ब्रेक लिया था और सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। उस दौरान वह काफी भावुक नजर आए थे और उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें कभी-कभी अकेलापन महसूस होता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 April 2026 1:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story