झारखंड बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत, ससुर-पति गिरफ्तार

झारखंड बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत, ससुर-पति गिरफ्तार
झारखंड के धनबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना में 23 वर्षीय महिला और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई। मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

धनबाद, 10 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना में 23 वर्षीय महिला और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई। मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने बच्चे को सीने से चिपकाकर खुद को आग लगा ली। इसके बाद दोनों छत से नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को मां-बेटे ने दम तोड़ दिया। घटना भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर की है। मृतकों की पहचान सहाना खातून और उसके बेटे फैजान के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि बुधवार को आग की चपेट में आने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे गिरी। वह पड़ोसी अधिवक्ता के कार्यालय की छत के एस्बेस्टस शेड को तोड़ते हुए नीचे रखी मेज पर जा गिरी। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने मां-बेटे की मौत की पुष्टि की है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

इधर, मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही सहाना को परेशान किया जाता था और घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। दूसरी ओर, सहाना के पति शहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने इन आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि घटना के समय वह परिवार के साथ बाजार गया था। लौटने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया।

मृतका के पिता के लिखित बयान पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Sept 2026 7:31 PM IST

Tags

Next Story